रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट:विविल में वायरल बुखार की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग सतर्क, 5 सितंबर को लगेगा विशेष चिकित्सा शिविर
विविल में वायरल बुखार की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग सतर्क, 5 सितंबर को लगेगा विशेष चिकित्सा शिविर

मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंपावत डॉ देवेश चौहान द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट ने उपकेंद्र लूपडा के अंतर्गत ग्राम सभा विविल में वायरल बुखार के मामलों पर तत्काल संज्ञान लिया है। क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने एवं स्थिति पर नियंत्रण पाने हेतु 05 सितंबर 2026 को ग्राम विविल में एक विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है।चिकित्सा अधीक्षक, उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट ने बताया कि इस हेतु तीन सदस्यीय विशेष चिकित्सा दल का गठन किया गया है। इस दल में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौमेल के चिकित्सा अधिकारी डॉ० हिमांशु कल्खुडिया, उपकेंद्र लूपडा के फार्मेसी अधिकारी श्री लक्ष्मण गिरी तथा ए.एन.एम. श्रीमती प्रीति भटनागर को शामिल किया गया है।

यह टीम चौमेल स्वास्थ्य केंद्र से आवश्यक औषधियां प्राप्त कर ग्राम विविल में शिविर का संचालन करेगी।गठित चिकित्सा दल को शिविर के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण करने, आवश्यक दवाएं वितरित करने तथा कृत कार्रवाई से उच्चाधिकारियों को तत्काल अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि वे बुखार या अन्य लक्षण होने पर शिविर में पहुंचकर डॉक्टरी परामर्श एवं उपचार अवश्य प्राप्त करें।

विज्ञापन