रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:खिरद्वारी की महिलाओं की समस्या का डीएम ने किया समाधान जल्द टनकपुर से मिलेगी गैस रिफिलिंग सुविधा
Laxman Singh Bisht
Sat, May 16, 2026
खिरद्वारी की महिलाओं की समस्या का डीएम ने किया समाधान जल्द टनकपुर से मिलेगी गैस रिफिलिंग सुविधा

जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार की संवेदनशील पहल पर जनपद के सुदूरवर्ती ग्राम खिरद्वारी के जनजातीय परिवारों की लंबे समय से चली आ रही गैस रिफिलिंग की समस्या के समाधान की दिशा में तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी गई है।गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुँची खिरद्वारी गांव की महिलाओं ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि उज्ज्वला योजना के अंतर्गत उन्हें गैस कनेक्शन तो उपलब्ध हो गए हैं, लेकिन रिफिलिंग के लिए चम्पावत स्थित गैस एजेंसी तक पहुंचना उनके लिए कठिन और खर्चीला साबित हो रहा है जिस कारण उन्हें कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीण महिलाओं ने जिलाधिकारी से मांग की कि उनके गैस कनेक्शन टनकपुर गैस एजेंसी से संबद्ध किए जाएं जिससे उन्हें राहत मिल सके।

ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट द्वारा इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समस्या के समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि कंपनी अधिकारियों के साथ वार्ता सकारात्मक रही है तथा आवश्यक तकनीकी औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण कर ग्राम खिरद्वारी के उपभोक्ताओं को टनकपुर गैस एजेंसी से ही गैस रिफिलिंग की सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी।