रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:सीएम धामी की पहल से शिक्षा हुई और सुलभ दुर्गम क्षेत्रों के बच्चे समय पर पहुँचेंगे विद्यालय। स्कूल वाहन की हु
सीएम धामी की पहल से शिक्षा हुई और सुलभ दुर्गम क्षेत्रों के बच्चे समय पर पहुँचेंगे विद्यालय। स्कूल वाहन की हुई व्यवस्था।

"आदर्श चम्पावत" विज़न को नई उड़ान, विद्यावाहिनी कार्यक्रम से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मिली सुरक्षित वाहन सुविधा

मुख्यमंत्री के "आदर्श चम्पावत" विज़न को मिला नया आयाम, विद्यावाहिनी कार्यक्रम से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मिली सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा

परिवहन सुविधा से शिक्षा की राह हुई आसान, विद्यावाहिनी कार्यक्रम से बढ़ेगी उपस्थिति, सुरक्षा और शैक्षणिक गुणवत्ता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के *"आदर्श चम्पावत"* विज़न के अनुरूप तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार की पहल पर खनन न्यास निधि से जनपद में शिक्षा को प्रत्येक बच्चे तक पहुँचाने की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाया गया है।मुख्यमंत्री की सोच है कि दूरी, दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियाँ अथवा आर्थिक कठिनाइयाँ किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा न बनें। इसी उद्देश्य को साकार करते हुए विद्यावाहिनी कार्यक्रम के अंतर्गत दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं के लिए विद्यालय आने-जाने हेतु सुरक्षित वाहन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस पहल से विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्थानीय ग्रामीणों में विशेष उत्साह और विश्वास का वातावरण है।विद्यावाहिनी कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड चम्पावत के सल्ली-सायली क्षेत्र से जीआईसी धौन के लिए दर्जा राज्य मंत्री श्री श्याम नारायण पांडे* द्वारा लगभग 40 से 45 विद्यार्थियों हेतु बस को हरी झंडी दिखाई गई।

इसी कार्यक्रम के अंतर्गत बिरगुल एवं गोली क्षेत्र से जीआईसी भिंगराड़ा के लिए दो वाहन लिये दर्जा राज्य मंत्री श्री मुकेश महराना द्वारा दो वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
लोहाघाट विकासखंड के डूंगरालेटी एवं जमरसौ क्षेत्र से जीआईसी मडलक तक दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली,ब्लॉक प्रमुख लोहाघाट महेंद्र ढेक एवं ग्राम प्रधान ठाटा मोहित पाठक , पंडित प्रवीन पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा विद्यार्थियों के लिए दो वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इसी क्रम में नौलापानी क्षेत्र से जीआईसी अमोड़ी हेतु एक वाहन को जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुंदर बोहरा एवं बुडम एवं सुकनी क्षेत्र से जीआईसी तालियाबांज हेतु दो वाहनों को विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार एवं दीपा जोशी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इससे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन सुरक्षित एवं नियमित परिवहन सुविधा का लाभ मिलेगा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अब तक स्कूली छात्रों को प्रतिदिन कई किलोमीटर कठिन पहाड़ी रास्तों पर पैदल चलकर विद्यालय पहुँचना पड़ता था। बरसात और खराब मौसम के दौरान यह सफर और भी चुनौतीपूर्ण हो जाता था, जिससे कई बार विद्यालय समय पर पहुँचना संभव नहीं हो पाता था। अब वाहन सुविधा उपलब्ध होने से बच्चे समय पर विद्यालय पहुँच सकेंगे, नियमित रूप से कक्षाओं में भाग लेंगे और पढ़ाई बिना किसी व्यवधान के जारी रख सकेंगे। इससे विद्यालयों में उपस्थिति बढ़ने के साथ-साथ ड्रॉपआउट की संभावना भी कम होगी तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।अभिभावकों ने कहा कि दुर्गम रास्तों से स्कूल जाने से बच्चों की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी चिंता रहती थी। अब सुरक्षित वाहन सुविधा मिलने से बच्चों के विद्यालय आने-जाने को लेकर उनका विश्वास और मजबूत हुआ है। इससे परिवारों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा तथा बच्चों का समय और ऊर्जा पढ़ाई, खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में लग सकेगी।स्कूली छात्रों एवं उनके अभिभावकों में उत्साह का माहौल है, उनके द्वारा मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया गया।
ग्रामीणों ने कहा कि विद्यावाहिनी कार्यक्रम केवल परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि शिक्षा के समान अवसर का माध्यम है। यह पहल दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने के साथ उन्हें बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के "आदर्श चम्पावत" विज़न के अंतर्गत शिक्षा, सुरक्षा और सुगम आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाएँ अब धरातल पर प्रभावी रूप से दिखाई दे रही हैं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के "आदर्श चम्पावत" विज़न के अनुरूप प्रत्येक बच्चे तक सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। विद्यावाहिनी कार्यक्रम से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को नियमित, सुरक्षित एवं समयबद्ध आवागमन की सुविधा मिलेगी, जिससे विद्यालयों में उपस्थिति बढ़ेगी और शिक्षा की निरंतरता सुनिश्चित होगी। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जनपद का कोई भी बच्चा दूरी या परिवहन के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे।इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह एवं खंड शिक्षा अधिकारी भरत जोशी ने माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शिक्षा सुधार संबंधी दिशानिर्देशों के अनुरूप विद्यावाहिनी कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए वाहन सुविधा उपलब्ध कराने की इस अभिनव पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह प्रयास दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों की शिक्षा तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनकी नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को भी बढ़ावा देगा।स्थानीय विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों ने इस जनहितकारी पहल के लिए माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं जिला प्रशासन, चम्पावत का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि विद्यावाहिनी कार्यक्रम जनपद के शिक्षा क्षेत्र में एक मील का पत्थर सिद्ध होगा और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रत्येक बच्चे को बेहतर, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम बनेगा।इस दौरान ब्लॉक प्रमुख लोहाघाट महेंद्र ढेक, खंड शिक्षा अधिकारी भरत जोशी, जीवन कलोनी, ग्राम प्रधान ठाठा मोहित पाठक सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी कर्मचारी, संबंधित ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यालयी छात्र छात्राएं, अभिभावक व अन्य उपस्थित रहे।