रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:अमरनाथ यात्रा ड्यूटी के दौरान आईटीबीपी जवान मनोज अटवाल शहीद 7 माह के बेटे के सिर से उठा पिता का साया
Laxman Singh Bisht
Mon, Jun 29, 2026
अमरनाथ यात्रा ड्यूटी के दौरान आईटीबीपी जवान मनोज अटवाल शहीद 7 माह के बेटे के सिर से उठा पिता का साया
चम्पावत : उत्तराखंड के चम्पावत जिले के पाटी ब्लाक के रमक गांव के मूल निवासी और वर्तमान में उधम सिंह नगर के नानकमत्ता निवासी आईटीबीपी के जवान मनोज अटवाल जम्मू में अमरनाथ यात्रा ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। जानकारी के मुताबिक 23 वर्षीय जवान की हृदयगति रुकने से मौत हो गई। मनोज के शहीद होने की खबर से परिवार , गांव और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है । प्राप्त जानकारी के अनुसार आईटीबीपी के सिपाही मनोज अटवाल पुत्र कृष्णानंद अटवाल इन दिनों जम्मू में अमरनाथ यात्रा ड्यूटी में तैनात थे । ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और हृदयगति रुकने से उनका निधन हो गया । जवान की असमय मौत की खबर जैसे ही उनके घर और गांव पहुंची , परिजनों में कोहराम मच गया । माता-पिता , पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है । ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार मनोज अटवाल की शादी करीब एक से डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी । उनके परिवार में सात माह का एक मासूम बेटा है , जिसके सिर से इतनी कम उम्र में पिता का साया उठ गया । मनोज अपने पीछे माता-पिता , पत्नी , सात माह के बेटे और दादा को छोड़ गए हैं । जवान की असमय मृत्यु से पूरा परिवार गहरे सदमे में है । रमक गांव में जवान की मौत की खबर पहुंचने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है । ग्रामीण और क्षेत्रवासी परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं । हर किसी की आंखें नम हैं और लोग युवा जवान की असमय मौत पर दुख व्यक्त कर रहे हैं । बताया जा रहा है कि आईटीबीपी जवान मनोज अटवाल का पार्थिव शरीर आज शाम तक नानकमत्ता पहुंचने की संभावना है । अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार के लिए परिजन और क्षेत्रवासी इंतजार कर रहे हैं । देश सेवा के दौरान कर्तव्य पथ पर तैनात युवा जवान मनोज अटवाल का असमय निधन पूरे उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति है ।