Saturday 27th of June 2026

ब्रेकिंग

सजग इंडिया के अध्यक्ष ललित जोशी को मिला भारत सरकार का ‘नशा मुक्त मित्र अवार्ड 2026

चंपावत:डीएम के निर्देश पर जिले के शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, होटलों और मॉल का होगा फायर सेफ्टी ऑडिट

चंपावत:खेतीखान में पर्यटन विकास हेतु धनराशि को अन्यत्र स्थानांतरित करने पर नाराजगी।

चंपावत:भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर हो समाधान : डीएम

चंपावत में डंपर से टकराया नेपाली मजदूर उपचार के दौरान मौत

सूचना

रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट:पाटन में पीडब्ल्यूडी को दिखाया आईना पूर्व सैनिक ने उठा लिया फावड़ा बंद नालियों को खोलने में जुटे

Laxman Singh Bisht

Sat, May 16, 2026

पाटन में पीडब्ल्यूडी को दिखाया आईना पूर्व सैनिक ने उठा लिया फावड़ा

लोहाघाट विकासखंड के ग्राम पाटन क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पाटन के पूर्व सैनिक ने विभागीय उदासीनता के खिलाफ स्वयं मोर्चा संभालते हुए लोक निर्माण विभाग को आईना दिखाने का कार्य किया है। बरसात का मौसम नजदीक होने के बावजूद पाटन पुल से लेकर पॉलीटेक्निक कॉलेज तक नालियों और कलमठों की सफाई न होने से क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि कई बार लोक निर्माण विभाग से इस संबंध में शिकायत की गई, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व विभाग के अभियंता सचिन को समस्या से जुड़ी तस्वीरें और जानकारी भी भेजी गई थीं, ताकि समय रहते सफाई कार्य कराया जा सके, लेकिन इसके बावजूद विभाग द्वारा मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। इससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराज़गी और अधिक बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बनी नालियां पूरी तरह मलबे और झाड़ियों से पट चुकी हैं, जबकि कई कलमठ भी बंद पड़े हैं। यदि समय रहते इनकी सफाई नहीं हुई तो बरसात के दौरान सड़क पर पानी भरने के साथ-साथ सड़क क्षतिग्रस्त होने का खतरा भी बना रहेगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग केवल कागज़ों में कार्यवाही दिखाने तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं।

इसी नाराज़गी के बीच पाटन निवासी तथा असम राइफल से सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक नवीन पाटनी ने स्वयं आगे आकर सफाई अभियान चलाया और नालियों व सड़क की सफाई कर विभागीय लापरवाही पर सवाल खड़े किए। नवीन पाटनी का कहना है कि देश सेवा के बाद अब समाज सेवा भी उनका कर्तव्य है, लेकिन यह कार्य संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है, जिसे समय पर निभाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाता तो उनको फावड़ा और बेलचा उठाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।ग्रामीणों ने यह भी कहा कि क्षेत्र में कई जगह नालियां बंद होने से बारिश का पानी सड़क पर बहने लगता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पॉलीटेक्निक कॉलेज आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। लोगों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है।क्षेत्रवासियों ने जिला अधिकारी मनीष कुमार से मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। पूर्व सैनिक नवीन पाटनी की इस पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है, वहीं लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल भी खड़े हो रहे हैं।

जरूरी खबरें