रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट:जू0 हा0 फोर्ती में मुख्यमंत्री ज्ञान केंद्र का जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया शुभारंभ।
Laxman Singh Bisht
Tue, Jul 7, 2026
जू0 हा0 फोर्ती में मुख्यमंत्री ज्ञान केंद्र जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया शुभारंभ।
आज मंगलवार को लोहाघाट नगर के समीप स्थित ग्राम फोर्ती में स्थित रा0उ0 प्रा0 वि0 विद्यालय के भवन में जिला योजना अंतर्गत मुख्यमंत्री ज्ञान केंद्र के रूप में पुस्तकालय का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया।इस लाइब्रेरी में गांव के प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र/छात्राएं अध्ययन करेंगे। ग्राम प्रधान रेनू बगौली की अध्यक्षता एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक लक्ष्मण सिंह मेहता के संचालन में समारोह आयोजित हुआ।

विशिष्ट अतिथि रूप में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सचिन जोशी, पूर्व शिक्षक नेता वर्तमान में भाजपा नेता गोविंद सिंह बोहरा, एस 0बी 0आई मैनेजर रविंदर नारंग उपस्थित थे। ग्राम वासियों की ओर से सामाजिक कार्यकर्ता योगेश बगौली, क्षेत्र पंचायत सदस्य सोनू चौबे,पूर्व ग्राम प्रधान चंद्रशेखर बगौली, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य शंकर बगौली, व्यवसायी कीर्ती बगौली, मदन उपाध्याय, भुवनेश्वरी पुनेठा, नारायण पुनेठा, विद्यालय स्टाफ के श्रीमती जया जोशी, कमल राय, ओमप्रकाश बगौली सहित महेश सुतेड़ी, सतीश बगौली, सुधांशु उपाध्याय आदि ने बैच अलंकरण एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया।

विद्यालय प्रभारी मेहता ने विद्यालय विकास एवं छात्र हित में शिक्षकों की कमी से गिरती छात्रसंख्या को देख यथाशीघ्र अध्यापकों की पूर्ति करने, दैवीय आपदा से पुस्तकालय कक्ष के आगे पीछे की गिरी सुरक्षा दीवारों का पुनर्निर्माण, फर्श में टूट फूट के कारण टाइल लगाने आदि समस्याओं का जिलाधिकारी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष को संबोधित ज्ञापन दिया। सामाजिक कार्यकर्ता योगेश बगौली ने फोर्ती से कोलीढेक झील तक सीसी मार्ग, तथा जूनियर स्कूल से सूतेड़ी वार्ड होते हुए पुनेठा वार्ड तक इंटरलॉकिंग टाइल मार्ग की मांग रखी। प्राथमिक विद्यालय प्रबंध समिति ने मायावती आश्रम तथा प्रमुख सचिव उत्तराखंड शासन शैलेश बगौली के सहयोग से विद्यालय में उपलब्ध 8 कंप्यूटरों के समुचित सदुपयोग हेतु कंप्यूटर शिक्षण कार्य के लिए स्मार्ट रूम की मांग की गई।

डिजिटल लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे गांव के बच्चों के अनुरोध पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी ने इनवर्टर एवं दो सीसी टीवी कैमरे तत्काल देने की घोषणा की तथा विद्यालय में लाइब्रेरी की गिरी दीवारों को बनवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने विद्यालयों के स्टाफ के बारे में ग्रामीणों की सकारात्मक प्रशंसा सुन प्रसन्नता जाहिर की । पूर्व जिला पंचायत सदस्य सचिन जोशी ने लाइब्रेरी के एक साल के वाईफाई चार्ज को भुगतान तथा जूनियर स्कूल की क्षतिग्रस्त रेलिंग की मरम्मत करने की घोषणा की।

समाजसेवी एवं भाजपा नेता गोविंद सिंह बोहरा ने विद्यालय के स्टाफ की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए लाइब्रेरी हेतु पुस्तकें उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया ।बैंक मैनेजर नारंग के प्रयास से लाइब्रेरी में वाटर प्यूरीफायर स्थापित किया गया ।इस अवसर बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। ग्राम प्रधान रेनू बगौली ने सभी का आभार ज्ञापित किया तथा सरकार को ग्राम सभा की ओर से धन्यवाद दिया।