रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:दिव्यांग जन राज्य स्तरीय पुरस्कार 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित, 20 अक्टूबर तक करें आवेदन
Laxman Singh Bisht
Sun, Aug 23, 2026
दिव्यांग जन राज्य स्तरीय पुरस्कार 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित, 20 अक्टूबर तक करें आवेदन
वर्ष 2026-27 के लिए दिव्यांगजन राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।इस संबंध में जानकारी देते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि यह पहल आगामी विश्व दिव्यांग दिवस (03 दिसंबर, 2026) के अवसर पर की जा रही है, जिसका उद्देश्य उत्कृष्ट दिव्यांग कर्मचारियों, स्वतः रोजगार में कार्यरत दिव्यांग व्यक्तियों, उनके सेवायोजकों, प्लेसमेंट अधिकारियों, उत्कृष्ट दिव्यांग खिलाड़ियों और दक्ष दिव्यांग कर्मचारियों को उनकी उपलब्धियों और समाज में उनके योगदान के लिए सम्मानित करना है।जिला समाज कल्याण अधिकारी आर एस सामंत ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए हैं कि पुरस्कार वितरण प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी हो। इसके लिए, उत्तराखंड के प्रत्येक जनपद (ज़िले) में पात्र अभ्यर्थियों के आवेदन पत्रों की गहन जाँच और संस्तुति करने के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है।
इस जनपद स्तरीय समिति में निम्नलिखित सदस्य शामिल हैं:
अध्यक्ष: संबंधित जनपद के जिलाधिकारी (जिला मजिस्ट्रेट),
सदस्य: जिला समाज कल्याण अधिकारी,
सदस्य: दिव्यांगों के कल्याणार्थ जनपद कार्यालय में कार्यरत एक प्रतिष्ठित स्वैच्छिक संस्था के जिलाधिकारी द्वारा नामित प्रतिनिधि होगा।समिति का मुख्य कार्य प्राप्त आवेदनों की जाँच करना और यह सुनिश्चित करना होगा कि वे "राज्य स्तरीय पुरस्कार योजना" की नियमावली में निर्धारित कड़े मानकों के अनुरूप हों। जाँच के बाद, समिति पात्र अभ्यर्थियों के नामों की संस्तुति राज्य स्तरीय विचार के लिए करेगी। सामंत ने बताया कि इसके लिए योग्य अभ्यर्थियों के आवेदन पत्र, सभी आवश्यक विवरणों और दो प्रतियों के साथ, 20 अक्टूबर, 2026 तक निदेशालय को आवश्यक रूप से उपलब्ध कराये जाने है।
विज्ञापन