रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:शहीदों के बलिदान को नमन कर मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस, वीर माताओं का हुआ सम्मान
Laxman Singh Bisht
Sat, Aug 15, 2026
शहीदों के बलिदान को नमन कर मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस, वीर माताओं का हुआ सम्मान

कलेक्ट्रेट परिसर चम्पावत में गूंजे ‘वन्दे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष, ड्रग फ्री देवभूमि का लिया संकल्प*

जनता के हित में अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन का संकल्प लें विभागीय अधिकारी : जिलाधिकारी

संकट की घड़ी में ‘गुड समेरिटन’ बने ग्रामीणों का जिलाधिकारी ने किया सम्मान

जनपद चम्पावत में 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमा एवं देशभक्ति के भाव के साथ मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने ‘वन्दे मातरम्’ के सामूहिक गायन कर राष्ट्रीय ध्वज फहराया साथ ही राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। इस दौरान पूरा कलेक्ट्रेट परिसर ‘महात्मा गांधी अमर रहें’, ‘जय हिन्द’, ‘वन्दे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से गूंज उठा।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों एवं वीर शहीदों को नमन करते हुए नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, शहीद भगत सिंह, राजगुरु, चन्द्रशेखर आजाद सहित देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले सभी अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों का त्याग एवं बलिदान हम सभी को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने शहीद परिवारों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए वीर माताओं एवं वीर नारियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इनमें श्रीमती हरु देवी, माता शहीद राहुल रंसवाल (ऑपरेशन विजय); श्रीमती बची देवी, माता शहीद सिपाही जगत सिंह (ऑपरेशन रक्षक); श्रीमती पार्वती देवी, पत्नी शहीद सिपाही विक्रम सिंह (ऑपरेशन रक्षक); तथा श्रीमती रूपी देवी, पत्नी शहीद सिपाही ज्वाला दत्त (भारत-पाक युद्ध 1971) शामिल रहीं।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार द्वारा संकट की घड़ी में साहस, मानवता और तत्परता का परिचय देने वाले स्थानीय ग्रामीणों एवं युवाओं को शॉल ओढ़ाकर सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में खाई में उतरकर झाड़ियों को काटकर रास्ता बनाने वाली श्रीमती रूकमणी जोशी एवं श्रीमती जानकी देवी, सड़क से करीब 200 मीटर नीचे खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालने वाले राकेश जोशी, सूरज जोशी एवं जोगा दत्त भट्ट तथा घायलों को मुख्य मार्ग तक लाने और अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करने वाले भुवन चन्द्र जोशी, हिमांशु जोशी, राजेन्द्र सिंह, मनोज जोशी एवं चन्द्रप्रकाश भट्ट शामिल रहे। जिलाधिकारी ने सभी के साहस एवं मानवीय संवेदना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।

इस दौरान जीजीआईसी की छात्राओं ने देशभक्ति गीत ‘तेरा हिमालय’ एवं ‘मिट्टी के बेटे’ प्रस्तुत कर वातावरण को देशभक्ति से भर दिया।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिए गए संबोधन को वर्चुअल माध्यम से सुना गया। इस दौरान उनके द्वारा राष्ट्र निर्माण, विकास, जनकल्याण एवं देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों को लेकर दिए गए संदेश को उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सुना।जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कहा कि भारत की विकास यात्रा विश्व के अनेक विकसित देशों से अलग और अपनी विशिष्ट सभ्यता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित रही है। उन्होंने कहा कि अनेक देशों ने उपनिवेशवाद, संसाधनों के दोहन और भेदभाव के दौर से गुजरकर विकास किया, जबकि भारत ने स्वतंत्रता के बाद लोकतंत्र, समानता और विविधता को साथ लेकर विकास की नई गाथा लिखी है। आजादी के 80 वर्षों में भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ा है। धर्म, भाषा, जाति और संस्कृति की विविधताओं के बावजूद भारत एक, अखंड और निरंतर प्रगतिशील राष्ट्र है।उन्होंने कहा कि भारत की हजारों वर्ष पुरानी सभ्यता में गणित, विज्ञान, भूगोल, आयुर्वेद, योग तथा प्राचीन गणतांत्रिक परंपराओं का समृद्ध ज्ञान रहा है।

आज देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है, जिसे साकार करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रत्येक अधिकारी को संकल्पबद्ध होकर अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, निष्ठा और पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए।मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती ने जनपद के शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने कर्तव्यों के प्रति संकल्पित होने का अवसर देता है। उन्होंने जनपद के विकास को गति देने के साथ ही गांवों से पलायन रोकने और स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय हित में सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संकल्पबद्ध होकर निर्वहन करना ही राष्ट्र के प्रति सच्ची सेवा है।परियोजना निदेशक अजय सिंह ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी से अपने दायित्वों का मनोयोग एवं जिम्मेदारी के साथ पालन करने का आह्वान किया। महेश चौड़ाकोटी एवं चंद मोहन जोशी ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए वीर शहीदों को नमन किया।इसके साथ ही ‘ड्रग फ्री देवभूमि’ के संकल्प के अनुरूप सभी ने नशामुक्ति की शपथ लेते हुए स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों से बचाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का संचालन कर रहे एस.ए. सिद्दकी ने देशभक्ति से ओत-प्रोत शेरो-शायरी के माध्यम से कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का संचार किया। उन्होंने कहा—
“जमीं पर घर बनाया है मगर जन्नत में रहते हैं,
ये हमारी खुशनसीबी है कि हम भारत में रहते हैं।”
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती, अपर जिलाधिकारी के0एन 0गोस्वामी, परियोजना निदेशक अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल उम्मेद सिंह, एसडीएम बीसी पंत, एसडीएम उज्ज्वल डालाकोटी सहित अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य उपस्थित रहे।