रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:डीएम के निर्देश पर जलभराव से राहत के लिए युद्धस्तर पर जारी है नालियों की सफाई व मलबा हटाने का कार्य
Laxman Singh Bisht
Wed, Sep 9, 2026
डीएम के निर्देश पर जलभराव से राहत के लिए युद्धस्तर पर जारी है नालियों की सफाई व मलबा हटाने का कार्य

जनपद में विगत दिनों लगातार हुई वर्षा के दृष्टिगत आमजन के लिए यातायात व्यवस्था को सुगम, सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने हेतु जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर वर्षा के कारण अवरुद्ध हुए सड़क मार्गों और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।जिलाधिकारी ने बताया कि भारी वर्षा के चलते सड़क के किनारे बंद हुई नालियों को खोलने का कार्य तीव्र गति से जारी है, ताकि सड़कों पर जलजमाव न हो और यातायात में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। सभी संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी तरह सक्रिय रहें।सड़कों पर गिरे मलबे को तत्काल हटाने, नालियों की गहराई से सफाई करने तथा पहाड़ी व संवेदनशील क्षेत्रों में मार्गों पर आए बोल्डरों एवं पत्थरों को हटाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। जेसीबी आदि मशीनरियों और पर्याप्त मैनपावर को तैनात कर अवरुद्ध मार्गों को तुरंत सुचारू बनाया जा रहा है ताकि राहगीरों को आवागमन में कोई असुविधा न हो।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि आम जनमानस की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वर्षा काल के दौरान किसी भी आपात स्थिति या मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं और विभागीय अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने तथा संवेदनशील स्थलों की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जनपद की सड़कें हर समय सुरक्षित एवं निर्बाध बनी रहें।
विज्ञापन