रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:जिलाधिकारी ने सेवानिवृत्त कार्मिकों का किया सम्मान उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना
Laxman Singh Bisht
Fri, Jul 31, 2026
जिलाधिकारी ने सेवानिवृत्त कार्मिकों का किया सम्मान उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना

भावपूर्ण माहौल में दी गई विदाई, सेवानिवृत्त कार्मिकों के योगदान को किया गया सम्मानित

जिलाधिकारी कार्यालय सभागार में शुक्रवार को अर्दली चन्दन सिंह रावत तथा तहसील कार्यालय चम्पावत के प्रशासनिक अधिकारी बची सिंह जीना के सेवानिवृत्ति अवसर पर सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दोनों सेवानिवृत्त कार्मिकों को माल्यार्पण कर शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएँ दीं।अपने संबोधन में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि चन्दन सिंह रावत के साथ कार्य करने का अनुभव अत्यंत सुखद रहा। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान चन्दन सिंह रावत ने अपनी निष्ठा, सरल स्वभाव एवं कार्यकुशलता से सभी का विश्वास जीता। कई अवसरों पर जनपद की जमीनी परिस्थितियों को समझने में उनका सहयोग महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रावत सदैव सभी के लिए सम्मान और विश्वास के पात्र बने रहेंगे।

जिलाधिकारी ने बची सिंह जीना के दीर्घ प्रशासनिक अनुभव, अनुशासित कार्यशैली एवं उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल में पूरी ईमानदारी, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन किया, जो सभी कार्मिकों के लिए प्रेरणास्रोत है।सेवानिवृत्त अर्दली चन्दन सिंह रावत ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि राजस्व विभाग के साथ अन्य विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ उनके हमेशा आत्मीय संबंध रहे। उन्होंने जिलाधिकारी मनीष कुमार की आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न जिलाधिकारियों के साथ कार्य करने का अवसर उनके लिए गर्व का विषय रहा। उन्होंने कहा कि उनका सपना सेना में जाने का था, लेकिन ईश्वर की कृपा से उन्हें अपने ही क्षेत्र के लोगों के बीच रहकर सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी ने कहा कि राजस्व विभाग एक परिवार की तरह है और इस विभाग में कार्य करना अपने आप में सौभाग्य की बात है।

उन्होंने कहा कि चन्दन सिंह रावत एवं बची सिंह जीना जैसे कर्मठ, ईमानदार और समर्पित कार्मिकों ने अपनी सेवाओं से विभाग की गरिमा को बढ़ाया है तथा उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त कार्मिकों के साथ बिताए गए अनुभव साझा करते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।इस अवसर पर परियोजना निदेशक अजय सिंह, एपीडी श्रीमती विम्मी जोशी, एसडीएम बी.सी. पंत, नगर पालिका के अधिकारी, राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कार्मिकों के परिजन उपस्थित रहे।
