रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:राजेंद्र धामी ने गुलदार से भिड़कर बचाई दो जिंदगियां डीएम ने किया सम्मानित
Laxman Singh Bisht
Mon, Apr 13, 2026
राजेंद्र धामी ने गुलदार से भिड़कर बचाई दो जिंदगियां डीएम ने किया सम्मानित

25 सितम्बर 2023 को राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर आठवीं मील के समीप घटी एक घटना के दौरान अद्वितीय साहस और मानवता का परिचय देने वाले राजेंद्र सिंह धामी को जिलाधिकारी मनीष कुमार के द्वारा सम्मानित किया गया।25 सितम्बर 2023 को ग्राम जौलपुर धाम निवासी पूरन तिवारी एवं पान सिंह दोपहिया वाहन से टनकपुर से अपने गांव लौट रहे थे। तभी अचानक एक गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों सड़क पर गिर पड़े और गुलदार पूरन तिवारी को पकड़कर झाड़ियों की ओर घसीटने लगा।ऐसे संकटपूर्ण क्षण में ग्राम ज्ञानखेड़ा, टनकपुर निवासी राजेंद्र सिंह धामी ने असाधारण साहस का परिचय दिया। उन्होंने बिना समय गंवाए अपने वाहन से उतरकर गुलदार का सामना किया और उसे खदेड़ दिया। इसके बाद उन्होंने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला तथा अपने निजी वाहन से उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया। समय रहते उपचार मिलने से दोनों की जान बच सकी।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने इस वीरतापूर्ण एवं मानवीय कार्य की सराहना करते हुए कहा कि धामी का यह साहसिक कदम समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आपदा या संकट की घड़ी में इस प्रकार की निस्वार्थ सहायता ही सच्ची मानवता की पहचान है।जिलाधिकारी ने राजेंद्र सिंह धामी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना अत्यंत सराहनीय है।उन्होंने जनपदवासियों से भी अपील की कि वे भी इसी प्रकार निस्वार्थ भाव, साहस और संवेदनशीलता के साथ समाज सेवा में योगदान दें।