रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : सीएम धामी की चम्पावत को बड़ी सौगात 25 नए हैंडपंपों की स्थापना हेतु 89.54 लाख स्वीकृत
Laxman Singh Bisht
Sat, May 16, 2026
सीएम धामी की चम्पावत को बड़ी सौगात 25 नए हैंडपंपों की स्थापना हेतु 89.54 लाख स्वीकृत
ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट से मिलेगी राहत प्रथम किश्त 53.72 लाख जारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने चम्पावत के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वच्छ एवं सुगम पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री धामी ने जनपद चम्पावत में 25 नए इंडिया मार्क-II हैंडपंपों की स्थापना हेतु ₹89.54 लाख की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।राज्य सेक्टर (ग्रामीण) कार्यक्रम के अंतर्गत स्वीकृत इस योजना के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रथम किश्त के रूप में ₹53.72 लाख की धनराशि भी जारी कर दी गई है। इस योजना के क्रियान्वयन से जनपद के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर ही स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि हैंडपंपों की स्थापना हेतु स्थलों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। प्राथमिकता उन सार्वजनिक स्थानों को दी जाएगी, जहाँ स्थानीय लोगों को अधिकतम लाभ मिल सके।उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में प्रत्येक प्रस्तावित स्थल की जीआईएस (GIS) मैपिंग अनिवार्य रूप से कराई जाएगी, ताकि कार्यों की निगरानी एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि यदि किसी चयनित स्थल पर ड्राई बोर की स्थिति उत्पन्न होती है, तो तत्काल वैकल्पिक स्थान का चयन कर समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण कराया जाएगा, जिससे आमजन को बिना किसी बाधा के योजना का लाभ मिल सके।