रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट:धूमधाम से मनाई गई भारत रत्न डॉ. अंबेडकर की 135वीं जयंती निकली भव्य शोभा यात्रा
Laxman Singh Bisht
Tue, Apr 14, 2026
धूमधाम से मनाई गई भारत रत्न डॉ. अंबेडकर की 135वीं जयंती निकली भव्य शोभा यात्रा
संविधान और समानता का संदेश लेकर निकली शोभा यात्रा, लोहाघाट में अंबेडकर जयंती समारोह।
जिलाधिकारी ने किया बाबा साहेब की मूर्ति का अनावरण।

भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर लोहाघाट स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय छात्रावास में भीमराव अंबेडकर समारोह आयोजन समिति अध्यक्ष शेखर गोरखा की अध्यक्षता तथा राम प्रसाद कालाकोटी के संचालन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पूरे क्षेत्र में उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला।कार्यक्रम से पूर्व लोहाघाट नगर में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, छात्र-छात्राओं एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा में जय भीम के नारो से पूरा नगर गूंज उठा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने छात्रावास परिसर में बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर विधिवत अनावरण किया तथा उन्हें श्रद्धांजलि दी।इस दौरान हरीश द्वारा संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया गया तथा उपस्थित सभी लोगों को संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई। साथ ही "त्रिरत्न शरणागति (तिसरना)" का वाचन भी किया गया।छात्रावास के विद्यार्थियों ने जिलाधिकारी को भीम पट्टिका एवं संविधान की पुस्तिका भेंट कर की। वहीं कुमाऊँ लोक सांस्कृतिक कला दर्पण, लोहाघाट की टीम द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गयी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि बाबा साहेब द्वारा प्रदत्त समानता, न्याय और अधिकारों के सिद्धांत आज भी समाज के मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा है, जिसे समझना और उसका पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों एवं नागरिकों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और उनके आदर्शों को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, , अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी,उपजिलाधिकारी नीतू डागर, गोविंद बोहरा, राजेंद्र गरकोटी, सचिन जोशी, अमित कुमार, दयाल कुमार, राम बहादुर, दीवान राम, रीता गहतोड़ी, सीमा देवी,प्रकाश चंद्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


