रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट:हाई वोल्टेज आने से एसबीआई के एटीएम में लगी आग समय रहते फायर टीम ने पाया काबू।
Laxman Singh Bisht
Fri, Jun 12, 2026
हाई वोल्टेज आने से एसबीआई के एटीएम में लगी आग समय रहते फायर टीम ने पाया काबू।

विद्युत विभाग के कार्य प्रणाली पर व्यापारियों ने जताई नाराजगी।

लोहाघाट के मीना बाजार क्षेत्र में आज शुक्रवार सुबह उस वक्त अफ़रा तफरी मच गई जब अचानक हाई वोल्टेज आने से मीना बाजार चौराहे में स्थित स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के एटीएम में आग लग गई। व्यापारियों के द्वारा एटीएम से धुवां निकलते देख तत्काल आग लगने की सूचना फायर स्टेशन लोहाघाट को दी गई। इसके बाद फायर स्टेशन लोहाघाट से फायर स्टेशन प्रभारी हंसदास सागर के नेतृत्व में फायर टीम मौके पर पहुंची। और सुलग रही आग पर काबू पाया और एक बड़ी घटना होने से बचा लिया। वहीं व्यापारियों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा आज सुबह से ही विद्युत वोल्टेज अप डाउन कर रही थी तभी अचानक से हाई वोल्टेज आने से एटीएम में आग लग गई तथा कई लोगों के विद्युत उपकरण भी फुके हैं। लोगों ने विद्युत विभाग से समस्या के समाधान की मांग की। मामले में विद्युत विभाग के अभियंता ललित बिष्ट ने बताया लाइन में न्यूट्रल ब्रेक होने से हाई वोल्टेज का करंट दौड़ गया था। सूचना मिलते ही तत्काल लाइन को काटा गया। तथा लाइन की मरम्मत कर समस्या का समाधान कर दिया गया है। इस दौरान क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई और सूचना पर स्टेट बैंक के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल फायर टीम की तत्परता से एक बड़ा अग्निकांड होने से बचा लिया गया। घटना में एटीएम को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है।