रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट:डीएम के निर्देश पर बरसों बाद खुले पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड के हाईटेक शौचालय के ताले। खबर का असर
Laxman Singh Bisht
Sat, Apr 4, 2026
डीएम के निर्देश पर बरसों बाद खुले पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड के हाईटेक शौचालय के ताले
महिला यात्रियों को मिली बड़ी राहत।

जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रशासन सक्रियता से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में लोहाघाट के पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड स्थित हाईटेक शौचालय को बरसों के बाद पूर्ण रूप से संचालित कर दिया गया है, जिससे यात्रियों एवं पर्यटकों को बड़ी राहत मिली है विशेष कर महिला यात्रियों को।हाल ही में मीडिया में शौचालय के बंद होने संबंधी प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका लोहाघाट सौरभ नेगी ने कार्यवाही करते हुए बताया कि हाईटेक शौचालय वर्तमान में पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित कर दिया है और आमजन के उपयोग के लिए खुला है।उन्होंने बताया कि शौचालय में बिजली एवं पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है जिससे यात्रियों, विशेषकर महिला पर्यटकों व यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड स्थित शौचालय को नियमित रूप से खुला रखा जाएगा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने नगरपालिका प्रशासन को शौचालय की नियमित निगरानी एवं साफ-सफाई व्यवस्था को उच्च स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनसुविधाओं को सुदृढ़ एवं सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर करना प्रशासन की प्राथमिकता है। मालूम है यह शौचालय बरसों से बंद पड़ा हुआ था कई बार टैक्सी संचालकों के द्वारा महिला यात्रियों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए इसके संचालन की मांग को प्रमुखता से ही उठाया था। शौचालय का संचालन होने पर टैक्सी संचालकों व यात्रियों के द्वारा डीएम चंपावत तथा नगर पालिका लोहाघाट को धन्यवाद दिया गया। काली कुमाऊं खबर के द्वारा इस जनहित के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया था।