रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट:धारा मेरा, नौला मेरा' अभियान के तहत अक्कल धारा में 'जल उत्सव' का हुआ भव्य आयोजन
Laxman Singh Bisht
Wed, Jun 3, 2026
'धारा मेरा, नौला मेरा' अभियान के तहत अक्कल धारा में 'जल उत्सव' का हुआ भव्य आयोजन

जनपद में पारंपरिक स्रोतों को बचाने के लिए स्वच्छता और जागरूकता की चली मुहिम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 'धारा मेरा, नौला मेरा, गांव मेरा, प्रयास मेरा' अभियान के अंतर्गत पारंपरिक जल स्रोतों को बचाने के लिए बुधवार को विकास खंड लोहाघाट स्थित परंपरागत जल स्रोत अक्कल धारा में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम सारा (स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी )के तहत संचालित जल संरक्षण अभियान और जल उत्सव सप्ताह (01 से 15 जून, 2026) के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें जागरूकता गोष्ठी और स्वच्छता अभियान चलाया गया।जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान के तहत चंपावत - लोहाघाट मार्ग पर स्थित अक्कल धारा जल स्रोत के आस-पास सघन साफ-सफाई की गई। इस अवसर पर वहाँ उपस्थित स्थानीय लोगों और राहगीरों को शुद्ध पेयजल की महत्ता के बारे में बताया गया।साथ ही उन्हें अपने पारंपरिक जल स्रोतों को संरक्षित करने, स्रोतों के आस-पास स्वच्छता बनाए रखने तथा प्लास्टिक कचरे का सही निस्तारण करने के लिए कूड़ेदान का उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जनपद की सारा टीम, लोहाघाट विकास खंड स्तर के विभिन्न अधिकारियों-कर्मचारियों, स्थानीय जन प्रतिनिधियों, ग्रामीणों तथा राहगीरों ने भी अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराते हुए अपना पूर्ण सहयोग प्रदान किया।इस कार्यक्रम के दौरान परियोजना निदेशक (ग्राम्य विकास) अजय सिंह, खंड विकास अधिकारी लोहाघाट कविंद्र सिंह रावत, ग्राम प्रधान चिड़ियादुंगा विजेंद्र सिंह मनराल, वन दरोगा अजय सिंह , बन बीट अधिकारी रोहित मेहता,हिमांशु ढेक, भुवन, अनीश और खेल प्रशिक्षक मनोज प्रसाद मुख्य रूप से उपस्थित रहे।