रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट:प्रेमनगर पाटन की महिलाओं ने चलाया स्वच्छता अभियान, पंचायत घर परिसर को बनाया स्वच्छ व सुंदर
Laxman Singh Bisht
Sat, Aug 8, 2026
प्रेमनगर पाटन की महिलाओं ने चलाया स्वच्छता अभियान, पंचायत घर परिसर को बनाया स्वच्छ व सुंदर

लोहाघाट। विकासखंड लोहाघाट के प्रेमनगर पाटन में महिलाओं ने स्वच्छता का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए पंचायत घर परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया। श्रीमती भावना गड़कोटी की अध्यक्षता एवं निर्देशन में आयोजित इस अभियान में महिलाओं ने श्रमदान कर पंचायत घर के आसपास फैली झाड़ियों और गंदगी को हटाकर पूरे परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बना दिया।स्वच्छता अभियान में पुष्पा पाटनी, नीरू बिष्ट, सुनीता फर्त्याल, कमला देवी, राजेश्वरी जोशी, अनीता पाटनी, हेमा रौतेला, निर्मला रौतेला सहित अन्य महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।अभियान के दौरान महिलाओं ने निर्णय लिया कि पंचायत घर परिसर की नियमित सफाई प्रतिदिन की जाएगी तथा इस स्वच्छता अभियान को निरंतर जारी रखा जाएगा।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और इस जनहित अभियान में सहयोग करने की अपील की।ग्रामीणों ने महिलाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ गांव का निर्माण संभव है। महिलाओं का यह प्रयास पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है।
