रिपोर्ट: जगदीश जोशी 👹👹 : बाराकोट:प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर बाराकोट में बहुउद्देशीय शिविर का हुआ आयोजन।
Laxman Singh Bisht
Fri, Mar 28, 2025
प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर बाराकोट में बहुउद्देशीय शिविर का हुआ आयोजन
उत्तराखंड सरकार के सेवा, सुशासन और विकास के सफल 3 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार को विधानसभा लोहाघाट के विकास खंड बाराकोट के पोखरी खाल मैदान में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक श्रीमती ज्योति राय व पूर्व विधायक लोहाघाट पूरन सिंह फर्त्याल के मुख्य आतिथ्य में तथा मुख्य विकासअधिकारी संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय और चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गये स्टालों का अतिथियों के द्वारा निरीक्षण किया गया ।बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया। इस दौरान वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेशन, विधवा पेंशन, अटल आवास, दिव्यांग भरण पोषण पेंशन, अनुपूरक पोषाहार योजना उज्जवला योजना, पशुपालन सम्बन्धी जानकारी, किसान क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन, फसल बीमा योजना, कृषि यन्त्रों हेतु अनुदान के सम्बन्ध में, किसान पेंशन, प्रधानमंत्री ज्योति बीमा योजना सहित अन्य की जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं को भी दूर किया गया।
बहुउद्देशीय शिविर के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि वर्तमान सरकार के सेवा, सुशासन और विकास के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश के सभी विधानसभाओं व विकासखंडों में बहुउद्देशीय शिविर व स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत आज यह बहुउद्देशीय शिविर बाराकोट में आयोजित हुआ। जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल के माध्यम से सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दिए जाने के साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त शिविर में लौह उत्पाद, लोकल उत्पाद, एपन, लोक संस्कृति, कला आदि की प्रदर्शनी भी लगाई गई। जिन्हें लोगों ने बेहद पसंद किया और खरीदा भी। इसके अलावा विभिन्न स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा ज्ञानवर्धक विज्ञान के मॉडल की प्रदर्शनी लगाई गई जिसे लोगों द्वारा काफी सराहा गया। आयोजित बहुउद्देशीय शिविर के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियो की वीरांगनाओं तथा आश्रितों व भूतपूर्व सैनिकों को सम्मानित कर उनकी निस्वार्थ सेवा और समर्पण को नमन किया गया। कार्यक्रम में उन्हें प्रतीक चिह्न भेंट किए गए।
उनके अदम्य साहस और योगदान को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया, साथ ही उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।शिविर के दौरान समाज कल्याण विभाग द्वारा अटल आवास योजना के तहत प्रथम किस्त के रूप में 04 लाभार्थियों को 60-60 हजार रुपए के चेक वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त तीन दिव्यांगजनों को कान की मशीन व घुटनों की ब्रेसलेट आदि वितरित किए गए।
राजस्व विभाग द्वारा विभिन्न प्रमाण पत्र बनाए गए। जिसमें 32 लोगों के किसान सम्मान निधि, 07 लोगों के स्थाई प्रमाण पत्र, 04 लोगों के जाति प्रमाण पत्र तथा 28 लोगों की खाता खतौनी बनाई गई।इसके अलावा मत्स्य विभाग द्वारा 14 लोगों को, पशुपालन विभाग द्वारा 25 लोगों को लाभान्वित किया गया, साथ ही 41 लोगों को पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं की दवा वितरित की गई पंचायती राज विभाग द्वारा 30 लोगों के परिवार रजिस्टर की नकल, 15 लोगों के जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, 10 व्यक्तियों के पेंशन व विवाह प्रमाण पत्र बनाए गए। सूचना विभाग द्वारा बड़े स्तर पर सभी लोगों को समान नागरिक संहिता विषयक जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 50 लोगों की जांच कर उन्हें दवा वितरित की गई उसके साथ ही 6 लोगों के दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए। इसके अतिरिक्त रेशम विभाग, पूर्ति विभाग द्वारा लोगों को जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में सांस्कृतिक दलों के द्वारा एक से बढ़कर एक रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई।
बहुउद्देशीय शिविर में भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, ब्लॉक प्रमुख बाराकोट विनीता फर्त्याल, पूर्व भाजपा जिलाअध्यक्ष निर्मल मेहरा, राकेश बोहरा,उप जिलाधिकारी नितेश डांगर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेश चौहान, खंड विकास अधिकारी बाराकोट मोनिका पाल, रूप सिंह बोहरा,बहादुर सिंह फर्त्याल, नंदा बल्लभ बगोली, प्रकाश राज राजेश अधिकारी, दरबान सिंह मेहता, अजय बिष्ट, कमलेश जोशी, निर्मला अधिकारी, योगेश तिवारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि विभिन्न विभागों के अधिकारी/ कर्मचारी व बड़ी संख्या में स्थानीय जनता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जगदीश सिंह अधिकारी का रहा।