रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट 👹👹 : चंपावात:डीएम ने राकड़ी फुलारा (मुडियानी) में गेहूं की फसल का क्रॉप कटिंग प्रयोग कराया संपन्न
Laxman Singh Bisht
Wed, May 14, 2025
क्रॉप कटिंग प्रयोग के आधार पर ही जिले में फसलों की औसत उपज, उत्पादन एवं उत्पादकता के आंकड़े किए जाते हैं तैयार – जिलाधिकारी
डीएम चंपावत नवनीत पांडे ने बुधवार को तहसील चंपावत के अंतर्गत पटवारी क्षेत्र मुडियानी स्थित ग्राम राकड़ी फुलारा में कृषक हीरा सिंह रावत के खेत में गेहूं की फसल पर क्रॉप कटिंग प्रयोग संपन्न कराया।कृषि एवं सांख्यिकी विभाग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कृषक के खेत में 30 वर्ग मीटर का प्लॉट चयनित कर क्रॉप कटिंग की गई। इस निर्धारित क्षेत्र से 8 किलो 150 ग्राम गेहूं की उपज प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त 5 किलोग्राम गेहूं के नमूनों को 15 दिन तक सूखाने के पश्चात तौलने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जिससे सटीक उपज के आंकड़े प्राप्त किए जा सकें।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कृषक से बोये गए बीज, उर्वरक, कीटनाशकों आदि की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि जिले में फसलों की औसत उपज, उत्पादन एवं उत्पादकता से संबंधित आंकड़े क्रॉप कटिंग प्रयोगों के माध्यम से ही तैयार किए जाते हैं।
इसके साथ ही, यह प्रक्रिया प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं कृषि उत्पाद आधारित विभिन्न योजनाओं के लिए डेटा बेस तैयार करने में भी सहायक होती है। प्राप्त आंकड़े सरकार और अन्य संस्थाओं द्वारा योजनाएं बनाने एवं कृषकों को लाभान्वित करने के लिए उपयोग में लाए जाते हैं।क्रॉप कटिंग के पश्चात ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से गांव में सिंचाई व्यवस्था हेतु लिफ्ट सिंचाई योजना शुरू करने तथा बच्चों के लिए पुस्तकालय स्थापित करने की मांग की। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत मुडियानी के पंचायत भवन में जल्द ही पुस्तकालय खोला जाएगा साथ ही संबंधित अधिकारियों को सिचाई योजना हेतु लिफ्ट योजना हेतु सर्वे करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर अपर सांख्यिकी अधिकारी जुगल किशोर पांडे, संबंधित विभागीय कार्मिक एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।