रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:डीएम मनीष कुमार की नीड़ में रात्रि चौपाल ग्रामीणों की सुनी समस्याएं किया मौके पर समाधान
Laxman Singh Bisht
Wed, Jan 14, 2026
“परेशान मत हो अम्मा” हम लोग हैं ना- जिलाधिकारी मनीष कुमार
नीड में रात्रि चौपाल में ही दिव्यांग वृद्ध को मिली व्हीलचेयर, जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्वयं पहनाई कान की मशीन
नीड़ रात्रि चौपाल में जिलाधिकारी ने घर जाकर ग्रामीणों को उपलब्ध कराई सुविधाएं
डीएम चंपावत मनीष कुमार अपनी कार्यप्रणाली के चलते पूरे चंपावत जिले में लोकप्रिय होते जा रहे हैं डीएम चंपावत के एक ही लक्ष्य है जन समस्याओं का समाधान। जिसके लिए वह रात दिन जुटे हुए हैं।इसी क्रम में बुधवार रात को जनपद चंपावत के ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं जनसुनवाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विकासखंड चम्पावत के दूरस्थ ग्राम नीड़ में रात्रि चौपाल का आयोजन किया।रात्रि चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को गांव की लाइब्रेरी में ब्लोअर/हीटर की व्यवस्था, तारबाड़ निर्माण, पेयजल समस्या के समाधान तथा युवाओं के लिए ओपन जिम की स्थापना की मांग रखी गई। जिलाधिकारी ने सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा सभी विभागीय अधिकारियों को जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गांव में निवासरत दिव्यांग वृद्ध महिला श्रीमती परू देवी पत्नी श्री नैन सिंह के घर जाकर उन्हें व्हीलचेयर, कंबल प्रदान किया तथा स्वयं उनके कान में श्रवण यंत्र पहनाया।
इस पर भावुक होती हुई परू देवी ने कहा “मेरे लिए आप सब लोग परेशान हो गये” और रोने लगी!
इसपर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने स्नेहपूर्वक कहा, “परेशान मत हो अम्मा, हम लोग हैं ना
रात्रि चौपाल के दौरान ही जिलाधिकारी ने दो ग्रामीणों को कान की मशीन, दो ग्रामीणों को व्हीलचेयर तथा जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल वितरित किए।उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा पर जोर देते हुए ग्रामीणों से अपील की कि बेटियों की पढ़ाई किसी भी परिस्थिति में बीच में न रोकी जाए।।रात्रि चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों के साथ बैठकर भोजन भी किया तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आश्वस्त किया।इस दौरान जिलाधिकारी के द्वारा महिलाओं व युवाओं को सरकार के द्वारा रोजगार के लिए चलाई गई योजनाओं की जानकारी दी तथा उनसे योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। रात्रि चौपाल में ग्राम प्रधान निर्मला पांडे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में गांव के बुजुर्ग मातृशक्ति ,छात्र छात्राएं शामिल हुए। अपने बीच जिलाधिकारी को पाकर ग्रामीण काफी खुश नजर आए।इस दौरान ग्राम प्रधान श्रीमती निर्मला पांडे, खंड विकास अधिकारी श्री अशोक अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।