रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट:जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार में तीन अनाथ भाइयों को शिक्षा व भरण-पोषण का मिला सहारा
Laxman Singh Bisht
Fri, Jan 30, 2026
जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार में तीन अनाथ भाइयों को शिक्षा व भरण-पोषण का मिला सहारा
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार: डुमडाई न्याय पंचायत में बहुउद्देश्यीय शिविर, 473 ग्रामीण लाभान्वित
राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत विकासखंड लोहाघाट की न्याय पंचायत डुमडाई के रामलीला मंच मडलक में एक व्यापक बहुउद्देश्यीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने की।शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी, प्रमाण पत्र वितरण, शिकायत निवारण एवं पात्र व्यक्तियों को तत्काल लाभ प्रदान किया गया।
शिविर में कुल 473 ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया गया, जबकि प्राप्त शिकायतों में से 67 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर प्रशासन ने त्वरित समाधान की अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में प्रतिभाग कर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं का समाधान मौके पर ही पाया।शिविर के दौरान पशुपालन विभाग द्वारा 59 लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान की गईं। राजस्व विभाग द्वारा स्थायी निवास, जाति प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र एवं आय प्रमाण पत्र सहित 22 से अधिक प्रमाण पत्र जारी किए गए। पूर्ति विभाग द्वारा 11 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। श्रम विभाग द्वारा 14 मामलों में सहायता प्रदान की गई तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा 7 पात्र व्यक्तियों को लाभ दिया गया।शिविर के दौरान कुल मिलाकर 88 से अधिक विभिन्न प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके साथ ही 25 से अधिक ग्रामीणों के आधार कार्ड संशोधन तथा समान नागरिक संहिता के अंतर्गत पंजीकरण की कार्यवाही भी संपन्न कराई गई।शिविर के दौरान जिलाधिकारी ने कई मामलों में संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित निर्देश दिए।
मजपीपल निवासी प्रशांत बोहरा की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने प्रशांत, पारस एवं करन नामक तीन अनाथ भाइयों को शिक्षा, भरण-पोषण एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं समाज कल्याण विभाग को आवश्यक निर्देश दिए। हीरा सिंह की शिकायत पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, जल संस्थान को क्षेत्र के सभी हैंडपंपों की तत्काल जांच कर शुद्ध पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मडलक निवासी देवकी देवी की समस्या पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को आवास एवं गौशाला योजना के तहत प्राथमिकता देने तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।पवन सिंह के प्रकरण में चिकित्सा एवं समाज कल्याण विभाग को दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं आयुष्मान कार्ड शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने शिविर के दौरान सरिता देवी, भागा देवी सहित अन्य जरूरतमंद व्यक्तियों को कंबल वितरित किए। वहीं जिलाधिकारी की बेहतरीन कार्य प्रणाली के लिए ग्रामीणों ने उन्हें धन्यवाद देते हुए उनका स्वागत किया।
शिविर में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष बगौली, निर्मल महरा, नगरपालिका अध्यक्ष लोहाघाट गोविंद वर्मा, पंडित प्रवीन पांडे, मुख्य विकास अधिकारी डॉ जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी लोहाघाट श्रीमती नीतू डांगर, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार समेत अन्य जन प्रतिनिधि, विभिन्न अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।