रिपोर्ट:जगदीश जोशी : लोहाघाट:जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान के तहत रेगड़ू में लगा बहुउद्देशीय शिविर
Laxman Singh Bisht
Thu, Jul 9, 2026
'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान के तहत रेगड़ू में लगा बहुउद्देशीय शिविर
मुख्य विकास अधिकारी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकांश मामलों में मौके पर दिए समाधान के निर्देश।

भारी बारिश के बावजूद बड़ी तादाद में शिविर में पहुंचे ग्रामीण।

सेवा पखवाड़ा के स्वास्थ्य शिविर में लाभार्थियों को निशुल्क जांच, दवाएं एवं विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार 4 से 18 जुलाई तक संचालित 'सेवा पखवाड़ा' के अंतर्गत 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' कार्यक्रम के तहत विकासखंड बाराकोट की ग्राम पंचायत रेगड़ू में जन-समस्या निवारण एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डॉ0जी.एस. खाती ने की। इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का मुख्य विकास अधिकारी ने निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से समयबद्ध रूप से जोड़ा जाए।सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक दवाएं भी निशुल्क वितरित की गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से लाभार्थी नीसा मेहता को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी प्रदान की गई।शिविर में 24 विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा मौके पर ही सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर के दौरान 359 लाभार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया गया।चिकित्सा विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष विभाग द्वारा होम्योपैथिक उपचार एवं औषधि वितरण, कृषि विभाग द्वारा कृषि योजनाओं की जानकारी एवं उपकरण उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा विभिन्न प्रमाण-पत्रों का निर्गमन, खाता-खतौनी में नाम दर्ज करने सहित अन्य जनसेवाओं का भी मौके पर निस्तारण किया गया।शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं एवं विकास संबंधी मांगों से जुड़े 51 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, सड़क, पुल, मंदिर सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित प्रार्थना-पत्र शामिल थे। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस दौरान जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी ने जनहित में बरदाखान-नदेड़ा लिंक मोटर मार्ग के निर्माण कार्य को शीघ्र आगे बढ़ाने का अनुरोध किया, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।ग्राम राई रेगड़ू निवासी प्रकाश सिंह मेहता ने पारसनाथ महादेव मंदिर को पर्यटन मानचित्र में शामिल करने तथा मंदिर के सौंदर्यीकरण की मांग रखी। इस पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्रामीण रमेश मेहता ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ की मांग की, जिस पर मुख्य कृषि अधिकारी को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम प्रधान श्रीमती गीता मेहता ने खकोड़ा के सीम तोक में क्षतिग्रस्त मुख्य मार्ग के सुधारीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी, बाराकोट को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित सेवा पखवाड़ा अभियान के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। इससे आमजन को घर के निकट ही विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ मिल रहा है।इस अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सतीश पाण्डेय, प्रदेश मंत्री भाजपा निर्मल सिंह माहरा, जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी, ज्येष्ठ प्रमुख बाराकोट दरबान सिंह मेहता, उपजिलाधिकारी श्रीमती नीतू डांगर, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।