रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : मुख्यमंत्री के द्वारा किया जाएगा उद्घाटन।मीठे रीठे के चमत्कार का साक्षी बनेगा रीठा साहिब, जोड़ मेले में उमड़े
Laxman Singh Bisht
Mon, May 25, 2026
मुख्यमंत्री के द्वारा किया जाएगा उद्घाटन।मीठे रीठे के चमत्कार का साक्षी बनेगा रीठा साहिब, जोड़ मेले में उमड़ेगा आस्था का सैलाब।

29 मई से शुरू होगा तीन दिवसीय ऐतिहासिक मेला, दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना।

लोहाघाट। चंपावत जिले के विश्व प्रसिद्ध गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब में 29 मई से शुरू होने वाले तीन दिवसीय सालाना जोड़ मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा मेले का उद्घाटन किया जाएगा। इसकी जानकारी दिल्ली के बंगला साहिब गुरुद्वारे के प्रबंधक बाबा सुरेंद्र सिंह ने दी। इस बार मेले में देश-विदेश से दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि अभी से ही तीर्थ यात्रियों का आगमन शुरू हो चुका है और मेला समाप्त होने के बाद भी श्रद्धालुओं का आना-जाना जारी रहेगा।गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब अपने “मीठे रीठे” के चमत्कार के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। यही कारण है कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालु यहां मत्था टेकने पहुंचते हैं। भीड़ से बचने के लिए कई श्रद्धालु मेले से पहले और बाद में दर्शन करना पसंद करते हैं।मेले को लेकर विभिन्न विभागों ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। लोक निर्माण विभाग चम्पावत के अधिशासी अभियंता एमसी पलड़िया के अनुसार धुनाघाट से रीठा साहिब तथा सुखीढांग से रीठा साहिब तक का सड़क मार्ग पूरी तरह सुगम बना दिया गया है। करीब 50 किलोमीटर लंबे इस मार्ग में पीएमजीएसवाई के अधीन आने वाले हिस्से को भी दुरुस्त किया गया है। पीएमजीएसवाई चंपावत डिवीजन के अधिशासी अभियंता त्रिभुवन नारायण सिंह बिष्ट ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए सड़क मार्गों की लगातार निगरानी की जा रही है। सीएनडीएस द्वारा लधियानदी के पार पार्किंग, डॉरमेट्री और अन्य निर्माण कार्य पूरे कर लिए गए हैं। हालांकि फिलहाल स्थायी हेलीपैड निर्माण कार्य रोक दिया गया है। गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा श्याम सिंह के अनुसार मेले के दौरान दुकानों की व्यवस्था की जा रही है तथा मेले के बाद निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी।जल संस्थान के सहायक अभियंता परमानंद पुनेठा ने बताया कि पेयजल की पूरी व्यवस्था कर दी गई है। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर संगत द्वारा लगाए जाने वाले लंगरों के लिए भी पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। नई दिल्ली स्थित गुरुद्वारा बंगला साहिब के प्रबंधक बाबा सुरेंद्र सिंह लगातार रीठा साहिब गुरुद्वारा प्रबंधन के संपर्क में हैं और 28 मई को अपनी टीम के साथ यहां पहुंचेंगे। बाबा सुरेंद्र सिंह ने कहा कि गुरु घर में हुए चमत्कार को अपनी आंखों से देखने के लिए दुनिया भर के लोग यहां आने को उत्सुक रहते हैं। गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा श्याम सिंह के अनुसार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मेले में सहयोग के लिए विभिन्न स्थानों से करीब 500 कारसेवक पहुंचने लगे हैं। गुरुद्वारे में विशाल लंगर की व्यवस्था की गई है, जहां श्रद्धालुओं के लिए लगातार प्रसाद तैयार किया जाएगा।