रिपोर्ट :लक्ष्मण बिष्ट : महिला ने दी गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के आवास के बाहर आत्महत्या की चेतावनी। एसडीएम कार्यालय में दिया धरना
Laxman Singh Bisht
Thu, Jan 15, 2026
महिला ने दी गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के आवास के बाहर आत्महत्या की चेतावनी। एसडीएम कार्यालय में दिया धरना
बाजपुर में एक बुजुर्ग महिला ने गदरपुर से भाजपा विधायक अरविंद पांडे के भाई पर उसकी जमीन धोखाधड़ी से लीज पर लेने का आरोप लगाया है। साथ ही महिला ने जमीन वापस नहीं करने पर गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के आवास के बाहर परिवार के साथ आत्मदाह करने की कड़ी चेतावनी दी है। इस दौरान महिला ने एसडीएम को ज्ञापन देकर एसडीएम कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। वहीं महिला के इस बयान के बाद प्रशासन भी हरकत में आ गया है। आपको बता दें कि केलाखेड़ा निवासी परमजीत कौर अपने बेटे के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंची। जहां महिला ने एसडीएम अमृता शर्मा को एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान महिला ने बताया कि उसने एक एकड़ जमीन गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के भाई को लीज पर दी थी लेकिन विधायक के भाई ने धोखाधड़ी से उसकी एक हेक्टेयर भूमि को लीज पर ले लिया। जिसके लिए वह लगातार न्याय की गुहार लगा रही है, लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते उसे आज तक न्याय नहीं मिला। इस दौरान महिला ने मांग पूरी नहीं होने पर काशीपुर के किसान सुखवंत सिंह द्वारा की गई आत्महत्या की तरह आत्महत्या करने की भी प्रशासन को चेतावनी दी है। इसके साथ ही पीड़ित महिला परमजीत कौर ने एसडीएम कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। इस दौरान महिला ने कहा कि वह जमीन वापस नहीं मिलने पर अपनी बेटी और बेटे के साथ गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के आवास के बाहर आत्मदाह करेंगे। वही बाजपुर एसडीएम अमृता शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच कमेटी का गठन किया। उन्होंने कहा कि जांच कमेटी द्वारा जो भी रिपोर्ट आएगी उसके अनुसार कार्यवाही की जाएगी।