रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:ठंड को देखते हुए डीएम ने जिला चिकित्सालय चम्पावत का देर शाम किया निरीक्षण
Wed, Dec 24, 2025
बेहतर उपचार के साथ मरीजों को ठंड से बचाव हेतु समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
ठंड को देखते हुए डीएम ने जिला चिकित्सालय चम्पावत का देर शाम किया निरीक्षण।
शीतलहर और ठंड को देखते हुए जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने हेतु जिलाधिकारी मनीष कुमार ने देर सायं जिला चिकित्सालय चम्पावत का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं तथा चिकित्सकों एवं स्टाफ की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने आपातकालीन कक्ष, जनरल वार्ड, महिला वार्ड, नर्सिंग स्टाफ कक्ष सहित अस्पताल परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार की गुणवत्ता की जानकारी ली तथा चिकित्सकों से व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। साथ ही अस्पताल में स्वच्छता एवं शीतलहर से बचाव हेतु किए गए प्रबंधों का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की रात्रिकालीन ड्यूटी की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि रात्रि के समय मरीजों एवं उनके अटेंडेंट्स के लिए पर्याप्त हीटर एवं कंबलों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उपचार के साथ-साथ ठंड से पूर्ण सुरक्षा भी प्रदान की जा सके।इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि रात्रि में आने वाले मरीजों के साथ उनके अटेंडेंट्स के ठहरने हेतु समुचित एवं सुरक्षित स्थान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।निरीक्षण के अवसर पर प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एम.एस. ह्यांकी सहित चिकित्सालय का संपूर्ण चिकित्सकीय एवं प्रशासनिक स्टाफ उपस्थित रहा।
रिपोर्ट :जगदीश जोशी : बाराकोट: विसराडी ग्राम पंचायत में ग्राम पंचायत की पहली बैठक का हुआ आयोजन!!
Wed, Dec 24, 2025
बाराकोट: विसराडी ग्राम पंचायत में ग्राम पंचायत की पहली बैठक का हुआ आयोजन!!
गांव का विकास होगी पहली प्राथमिकता:ग्राम प्रधान निर्मल नाथ
चंपावत जिले के बाराकोट विकास खण्ड के विसराडी ग्राम पंचायत में बुधवार को ग्राम पंचायत की पहली बैठक में ग्राम विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट के संचालन प्रधान निर्मल नाथ गोस्वामी की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत की पहली बैठक आयोजित हुई जिसमें समस्त ग्रामीण उपस्थित रहे ।ग्राम प्रधान निर्मल नाथ द्वारा पंचायत की पहली बैठक में ग्रामीणों व गांव की समस्याओं को जोर-जोर से रखा गया ।जिसमें अपने वित्त से बिसराडी तोक के दूंगा जोशी मे पेयजल टैंक निर्माण ,आली में पेयजल निर्माण, बिसराडी में इंटरलॉकिंग रास्ता ,पटयूडा तोक में सार्वजनिक शौचालय रोजगार गारंटी के तहत हर र्तोक में भूमि सुधार ,10 गौशाला निर्माण ,5 शौचालय निर्माण की बात कही।कृषि विभाग के अधिकारियों के द्वारा विभाग की जानकारी ग्रामीणों को दी व ग्रामीणों का फसल बीमा भी कराया गया ।उद्यान विभाग द्वारा अपने विभाग की जानकारी ग्रामीणों को दी गई तथा आने वाले जनवरी माह में लगने वाले पुलम व अखरोट की उन्नत किस्म की जानकारी दी गई ।
राजस्व विभाग द्वारा लोगों के आय प्रमाण पत्र ,जाति प्रमाण पत्र ,स्थाई निवास प्रमाण पत्र, वृद्धावस्था पेंशन विधवा पेंशन की कोई भी समस्या आने पर तुरंत कार्यवाही व समाधान का आश्वासन दिया गया। कृषि विभाग द्वारा टैंक निर्माण को भी प्राथमिकता दी गई ग्राम प्रधान द्वारा समस्त ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि में आपके विश्वास में खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा जो भी समस्या मेरी ग्राम पंचायत में होगी में उसे जिला स्तर व शासन स्तर पर रखूंगा । ग्राम प्रधान निर्मल नाथ ने कहा मेरा पहला मकसद ग्राम पंचायत का संपूर्ण विकास होगा। बैठक में सचिव पूनम पांडे ,ग्राम विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट, कृषि विभाग के सहायक कृषि अधिकारी विजय शर्मा एवं कुसुम पंगरिया ,कनिष्ठ अभियंता ,जड़ी बूटी शोध एवं उद्यान विभाग से बतौर पर्यवेक्षक मदन मोहन पंत एवं उद्यान सहायक लक्ष्मण नाथ, राजस्व विभाग से अनुज उप्रेती, क्षेत्र पंचायत सदस्य शांति देवी एवं वार्ड सदस्यों सहित समस्त ग्रामीण उपस्थित थे।