रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:डीएम की अध्यक्षता में जिला टेलीकॉम समिति की बैठक संपन्न, नेटवर्क सुदृढ़ीकरण को लेकर दिए निर्देश
Laxman Singh Bisht
Fri, May 29, 2026
डीएम की अध्यक्षता में जिला टेलीकॉम समिति की बैठक संपन्न, नेटवर्क सुदृढ़ीकरण को लेकर दिए निर्देश

जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला टेलीकॉम समिति की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पूर्व में हुई बैठक के निर्णयों के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने पूरे जनपद में दूरसंचार सेवाओं की वर्तमान स्थिति, नेटवर्क विस्तार और डिजिटल सेवाओं की उपलब्धता की गहन समीक्षा की।बैठक में जिलाधिकारी ने बीएसएनएल के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में जितने भी निर्माणाधीन या नए मोबाइल टावर हैं, उनके कार्यों को आगामी बरसात के मौसम से पहले हर हाल में पूरा कर लिया जाए।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम, रीठा साहिब व अन्य पर्यटक स्थलों और मुख्य मार्गों में निर्बाध नेटवर्क व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले के संचालन, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक मजबूत और त्रुटिहीन नेटवर्क व्यवस्था होना अत्यंत अनिवार्य है।डिजिटल सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) और बीएसएनएल द्वारा चिन्हित शैडो जोन (नेटवर्क विहीन क्षेत्रों) की विसंगतियों को गंभीरता से लिया। उन्होंने बीएसएनएल के तकनीकी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे डीपीआरओ द्वारा चिन्हित की गई जगहों पर स्वयं जाएं, वहां ग्राउंड लेवल पर कॉल टेस्टिंग करें और वास्तविक स्थिति का सटीक आकलन करते हुए समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने मानसून के मद्देनजर बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति पर भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात के दौरान बिजली बाधित होने पर भी दूरसंचार सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए सभी टावरों पर पर्याप्त पावर बैकअप की व्यवस्था पहले से ही सुनिश्चित रखी जाए ताकि आम जनता को कनेक्टिविटी की समस्या का सामना न करना पड़े।बैठक के दौरान जनपद में भारत नेट कार्यक्रम और आधार केंद्रों के संचालन सहित आधार अनुश्रवण की भी विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर तनुज रावल सहित बीएसएनएल, जियो, एयरटेल और वोडाफोन दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।