रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:नदी से खेतों में हो रहें भू-कटाव का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण हरसंभव सहायता का भरोसा
Laxman Singh Bisht
Thu, Jul 30, 2026
नदी से खेतों में हो रहें भू-कटाव का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण हरसंभव सहायता का भरोसा

धामीसौन नदी से हो रहे कटाव की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश

जनपद के खुनाड़ी, बिलौटासौन, ग्राम पंचायत डिंगडई में धामीसौन नदी से हो रहे भू-कटाव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को अधिशासी अभियंता सिंचाई, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एवं जिला खान अधिकारी के साथ संयुक्त रूप से क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भू-कटाव से प्रभावित कृषि भूमि का अवलोकन किया तथा स्थानीय किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी कृषि भूमि की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन हरसंभव प्रयास करेगा तथा आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर कराई जाएगी।जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि भू-कटाव की रोकथाम के लिए तकनीकी परीक्षण कर प्रभावी एवं स्थायी समाधान के प्रस्ताव शीघ्र तैयार किए जाएं, ताकि प्रभावित क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षा कार्य समयबद्ध रूप से कराए जा सकें।उल्लेखनीय है कि खुनाड़ी, बिलौटासौन, ग्राम पंचायत डिंगडई निवासी श्री दुर्गा नंदन खर्कवाल ने जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी को आवेदन देकर वर्ष 2021 की आपदा के बाद धामीसौन नदी से लगातार हो रहे भू-कटाव से खेतों को बचाने हेतु बाढ़ सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।इस अवसर पर अधिशासी अभियंता सिंचाई रघुवर दत्त भट्ट, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, जिला खान अधिकारी राहुल रावत, संबंधित राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।