रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:अमेरिका में असिस्टेंट प्रोफेसर बनीं लोहाघाट की आयुश्री भावे को डीएम मनीष कुमार ने किया सम्मानित
Laxman Singh Bisht
Wed, May 27, 2026
अमेरिका में असिस्टेंट प्रोफेसर बनीं आयुश्री भावे को डीएम मनीष कुमार ने किया सम्मानित

जनपद चम्पावत की होनहार बेटी आयुश्री भावे ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और अटूट संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान स्थापित करते हुए अमेरिका की प्रतिष्ठित कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर का पद प्राप्त किया है। आयुश्री की इस उल्लेखनीय सफलता पर जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सीमित संसाधनों और पर्वतीय परिस्थितियों के बावजूद यदि लक्ष्य स्पष्ट हो तथा प्रयास निरंतर हों, तो विश्व के किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि आयुष्री भावे आज प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई हैं।जिलाधिकारी ने आयुश्री को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।जिलाधिकारी ने आयुश्री की माता श्रीमती भावना को भी सम्मानित किया गया। श्रीमती भावना वर्तमान में राजकीय इंटर कॉलेज, देवीधुरा में अध्यापिका के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी पुत्री के व्यक्तित्व निर्माण, शिक्षा एवं संस्कारों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

लोहाघाट निवासी आयुष्री भावे ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय विद्यालयों से प्राप्त की। इसके उपरांत उन्होंने भीमताल से बी-फार्मा तथा जयपुर से एम-फार्मा की शिक्षा प्राप्त की। अपनी प्रतिभा और अथक परिश्रम के बल पर उन्होंने जीआरपी जैसी कठिन परीक्षा उत्तीर्ण कर अमेरिका में यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की।

आयुष्री केवल शिक्षा और शोध के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि कला एवं संगीत के क्षेत्र में भी समान रूप से प्रतिभाशाली हैं। फार्माकोलॉजी विषय पर उनकी पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। इसके साथ ही उन्होंने फाइन आर्ट एवं संगीत में भी डिग्री प्राप्त कर बहुआयामी प्रतिभा का परिचय दिया है।जनपदवासियों ने आयुश्री की इस उपलब्धि को चम्पावत और उत्तराखण्ड के लिए गर्व का क्षण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।