रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:पुनाकोट वार्ड में पेयजल संकट पर डीएम का त्वरित एक्शन, टैंकरों से की जा रही जलापूर्ति
Laxman Singh Bisht
Thu, Jul 2, 2026
पुनाकोट वार्ड में पेयजल संकट पर जिलाधिकारी का त्वरित एक्शन, टैंकरों से की जा रही जलापूर्ति

न्याय पंचायत पाटी के अंतर्गत पुनाकोट वार्ड में उत्पन्न पेयजल संकट का जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने त्वरित संज्ञान लिया है। आम जनता की बुनियादी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, पेयजल निगम को तत्काल धरातल पर उतरकर आवश्यक और प्रभावी कार्यवाही करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।जिलाधिकारी के कड़े रुख के बाद पेयजल विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता श्री अशोक स्वरूप ने वस्तुस्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में हुई वर्षा के कारण मुख्य पंपिंग स्टेशन पर तकनीकी व्यवधान आया है, जिससे पंपिंग बाधित हो गई है। पानी का उत्पादन कम होने के फलस्वरूप ही वार्ड में पेयजल वितरण प्रभावित हुआ है।प्रशासन और विभाग द्वारा इस दौरान जनता को राहत देने के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था लागू कर दी गई है। अधिशासी अभियंता ने कहा कि जब तक पंपिंग व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त नहीं कर लिया जाता, तब तक प्रभावित निवासियों के लिए प्रतिदिन टैंकरों के माध्यम से सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। विभाग ने स्थानीय नागरिकों से इस आपात स्थिति में सहयोग की अपील की है, साथ ही यह भी कहा कि कार्य गतिमान है जल्द ही मुख्य पेयजल लाइन को पूरी क्षमता के साथ बहाल कर दिया जाएगा।