रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:मुख्यमंत्री वृद्धावस्था पेंशन योजना से वरिष्ठ नागरिकों को मिल रहा आर्थिक संबल
Laxman Singh Bisht
Sat, Jun 27, 2026
मुख्यमंत्री वृद्धावस्था पेंशन योजना से वरिष्ठ नागरिकों को मिल रहा आर्थिक संबल

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आर्थिक सुरक्षा देने की दिशा में उत्तराखंड सरकार समाज के वरिष्ठ नागरिकों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी संचालन कर रही है। समाज कल्याण विभाग के माध्यम से संचालित मुख्यमंत्री वृद्धावस्था पेंशन योजना (वृद्धजन पेंशन योजना) प्रदेश के पात्र वरिष्ठ नागरिकों के लिए आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार बन रही है।योजना के अंतर्गत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र बुजुर्गों को प्रतिमाह ₹1,500 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह धनराशि लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे डीबीटी (DBT) के माध्यम से भेजी जाती है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित होती है और पात्र व्यक्तियों को समय पर लाभ प्राप्त होता है।इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदक की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। साथ ही, सभी स्रोतों से मासिक आय ₹4,000 से अधिक नहीं होनी चाहिए अथवा आवेदक के पास बीपीएल (BPL) कार्ड होना चाहिए। इसके अतिरिक्त, आवेदक का उत्तराखंड का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है।इच्छुक पात्र व्यक्ति समाज कल्याण विभाग के पेंशन पोर्टल, 'अपनी सरकार' पोर्टल अथवा कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड, आय प्रमाण-पत्र अथवा बीपीएल राशन कार्ड, सीबीएस युक्त बैंक पासबुक तथा निवास प्रमाण-पत्र या परिवार रजिस्टर की नकल आवश्यक होती है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार का उद्देश्य है कि समाज के प्रत्येक पात्र वरिष्ठ नागरिक को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिले और वृद्धावस्था में उन्हें आर्थिक असुरक्षा का सामना न करना पड़े। विशेष रूप से दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में निवास करने वाले पात्र लाभार्थियों तक भी योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज कल्याण संबंधी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री वृद्धावस्था पेंशन योजना न केवल आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों के आत्मसम्मान और गरिमापूर्ण जीवन को भी सुदृढ़ बना रही है।"सम्मानित वरिष्ठ नागरिक, सशक्त उत्तराखंड" की भावना के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सतत प्रयासरत है।