रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:सीएम घोषणा के तहत भागेश्वर मंदिर सड़क सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य को मिली स्वीकृति
Laxman Singh Bisht
Fri, Jun 19, 2026
सीएम घोषणा के तहत भागेश्वर मंदिर सड़क सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य को मिली स्वीकृति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चंपावत की परिकल्पना के अनुसार जनपद चम्पावत में सड़क संपर्क को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए माननीय मुख्यमंत्री घोषणा संख्या-208/2026 के अंतर्गत चम्पावत-खेतीखान मोटर मार्ग के किमी0-15 से भागेश्वर मंदिर तक मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य हेतु प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि उत्तराखण्ड शासन के लोक निर्माण अनुभाग-2 द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार इस कार्य के लिए तैयार विस्तृत आगणन का परीक्षण किए जाने के उपरांत कुल 60.81 लाख रुपये (रुपये साठ लाख इक्यासी हजार मात्र) की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रस्तावित मार्ग की कुल लंबाई 1.160 किलोमीटर है। साथ ही चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में व्यय हेतु 10 हजार रुपये की धनराशि लोक निर्माण विभाग के निवर्तन में रखी गई है।शासनादेश के अनुसार कार्य प्रारंभ करने से पूर्व सभी आवश्यक तकनीकी एवं विभागीय औपचारिकताओं को पूर्ण किया जाएगा तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रस्तावित कार्य किसी अन्य योजना से आच्छादित न हो। साथ ही वन भूमि हस्तांतरण, मलबा निस्तारण, भूमि अधिग्रहण एवं अन्य संबंधित मानकों का अनुपालन भी अनिवार्य रूप से किया जाएगा।इस स्वीकृति से क्षेत्रीय जनता को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी तथा भागेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों को विशेष लाभ प्राप्त होगा। सड़क के सुधारीकरण एवं डामरीकरण से क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।