रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:बोन टीबी से ग्रसित हिमांशु रावत की मदद को आगे आए डीएम
Laxman Singh Bisht
Thu, Jun 18, 2026
बोन टीबी से ग्रसित हिमांशु रावत की मदद को आगे आए डीएम
डीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल शुरू किया इलाज और होम विजिट।

जनपद चंपावत के मुड़यानी निवासी 16 वर्षीय हिमांशु रावत, जो अस्ति क्षय रोग (बोन टीबी) जैसी बीमारी से जूझ रहे हैं, के समुचित इलाज के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ कदम उठाए हैं। पीड़ित परिवार द्वारा इलाज में अपनी जमा-पूंजी खर्च हो जाने के बाद जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई गई थी, जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 'आदर्श और संवेदनशील चम्पावत' के विजन के अनुरूप जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने मामले का तत्काल स्वतः संज्ञान लिया। जिलाधिकारी ने पीड़ित किशोर की गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को इस प्रकरण पर अविलंब और प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश जारी किए।जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवगत कराया है कि हिमांशु रावत का योजनाबद्ध इलाज स्वास्थ्य विभाग द्वारा विगत 15 जून से विधिवत प्रारंभ कर दिया गया है। विभाग द्वारा मरीज की निक्षय आईडी जनरेट कर दी गई है और वर्तमान में उनका संपूर्ण उपचार जिला क्षय रोग केंद्र, छतार (चम्पावत) के माध्यम से सुचारू रूप से चल रहा है। इसके साथ ही सरकार की ओर से दी जाने वाली निक्षय किट भी उपलब्ध करा दी गई है, ताकि उन्हें पोषण और दवाओं में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। मरीज की निरंतर देखरेख के लिए चिकित्सकों की टीम द्वारा नियमित रूप से उनके आवास पर जाकर 'होम विजिट' की जा रही है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।