रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट:सुईं आषाढ़ी महोत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम प्रेमनगर की महिलाओं के मां भगवती के झोड़े ने लूटी वाहवाही
Laxman Singh Bisht
Thu, Aug 27, 2026
सुईं आषाढ़ी महोत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों की मची धूम प्रेमनगर की महिलाओं के मां भगवती के झोड़े ने लूटी वाहवाही

लोहाघाट के सुईं आषाढ़ी महोत्सव एवं वायुरथ महोत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम मची हुई है। कलाकारों के द्वारा एक से बढ़कर एक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों की वाहवाही लूटी जा रही है । आज महोत्सव में प्रेमनगर की महिलाओं ने पहली बार मंच पर अपनी शानदार लोक सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। श्रीमती भावना गड़कोटी के नेतृत्व में महिलाओं ने मां भगवती का शानदार झोड़ा प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति में पहाड़ की लोकसंस्कृति, आस्था और परंपरा की खूबसूरत झलक देखने को मिली।मंच पर पहली बार प्रस्तुति देने के बावजूद महिलाओं का आत्मविश्वास और तालमेल देखते ही बन रहा था।

जैसे ही मां भगवती का झोड़ा शुरू हुआ, दर्शक मंत्रमुग्ध होकर प्रस्तुति देखते और सुनते रहे। प्रस्तुति समाप्त होते ही पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा और दर्शकों ने महिलाओं की भूरि-भूरि सराहना की।इस शानदार प्रस्तुति में श्रीमती भावना गड़कोटी के नेतृत्व में सुनीता फर्त्याल, नीरू बिष्ट, रेखा अधिकारी, विमला बोहरा, रेखा बिष्ट, ईश्वरी बोहरा, कमला देवी, रजनी गोस्वामी, पार्वती देवी, राजेश्वरी देवी, रजनी अधिकारी, लक्ष्मी मेहरा, पार्वती देवी, निर्मला रौतेला, हेमा रौतेला, नीरा बोहरा एवं मोती देवी ने प्रतिभाग किया।महिलाओं की मनमोहक प्रस्तुति से प्रभावित होकर समिति के अध्यक्ष श्याम चौबे एवं जनप्रिय नेता सचिन जोशी सहित अतिथियों द्वारा महिला दल को ₹1500 की नगद धनराशि, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।सम्मान मिलने के बाद महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पहली बार मंचीय कार्यक्रम में भाग लेने और उसी मंच पर सम्मान प्राप्त करने से महिलाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ है। महिलाओं ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि अपनी लोकसंस्कृति और प्रतिभा को आगे बढ़ाने की प्रेरणा है।स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच महिलाओं की प्रतिभा को सामने लाने के साथ-साथ उत्तराखंड की समृद्ध लोक

परंपराओं, लोकगीतों और लोकनृत्यों को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।पहली प्रस्तुति में ही शानदार तालियां, दर्शकों की वाहवाही और सम्मान—प्रेमनगर की इन महिलाओं ने साबित कर दिया कि अवसर मिले तो पहाड़ की बेटियां मंच पर भी अपनी संस्कृति का परचम लहरा सकती हैं। महोत्सव कमेटी अध्यक्ष श्याम दत्त चौबे ने बताया कल रक्षाबंधन का अवसर पर वायु रथ यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने समस्त क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में आकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है। महोत्सव में सचिन जोशी, एडवोकेट भुवन चौबे, गौरव पांडे सहित समस्त ग्रामीणों के द्वारा सहयोग किया जा रहा है।
विज्ञापन