रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट:आंगनबाड़ी केंद्र से निशुल्क पौष्टिक आहार लाकर दुकानों में बेच रहे हैं अभिभावक।
Laxman Singh Bisht
Fri, Aug 7, 2026
आंगनबाड़ी केंद्र से निशुल्क पौष्टिक आहार लाकर दुकानों में बेच रहे हैं अभिभावक।

धड़ल्ले से दुकानों में बेचा जा रहा है आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों को मिलने वाला पौष्टिक आहार।

धामी सरकार के द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले नौनिहालों के स्वास्थ्य के लिए बाल विकास विभाग के माध्यम से प्रतिमाह पौष्टिक आहार निशुल्क दिया जाता है। जिसमें पंजरी,खिचड़ी, हलवा मिक्स व अन्य पौष्टिक आहार आंगनबाड़ी केंद्रों से मिलता है। पर लोहाघाट में कई अभिभावक आंगनबाड़ी केंद्रों से प्रतिमाह पौष्टिक आहार लाकर दुकानों में बेच रहे है। जबकि पौष्टिक आहार के पैकेट में साफ लिखा गया है कि यह बिक्री के लिए नहीं है। पर उसके बावजूद अभिभावक खुलेआम सरकार द्वारा नौनिहालों के लिए मिलने वाले पौष्टिक आहार को बेच रहे हैं।

इनमें से कुछ सामान एक्सपायरी भी हो चुका है। जब अभिभावको से पूछा गया कि पौष्टिक आहार को क्यों बेच रहे हैं तो उनका कहना था इस पौष्टिक आहार को उनके बच्चे नहीं खाते हैं इसलिए हम इनको दुकान में बेचकर या तो पैसे ले लेते हैं या अन्य सामान खरीद लेते हैं। दुकानदारों ने नाम न बताने की शर्त पर बताया यह अभिभावक आंगनबाड़ी केंद्रों से निशुल्क पौष्टिक आहार लाकर इकट्ठा करते हैं और फिर दुकानों में बेच जाते। जानकारी के मुताबिक यह कारोबार लंबे समय से चल रहा है। आज शुक्रवार को काली कुमाऊ खबर के द्वारा जब जांच पड़ताल की गई तो यह खेल सामने आया है।

अब इस प्रकार के खेल में किस प्रकार से रोक लग सकती है यह सोचने वाली बात है। सरकार योजना चला रही है पर अभिभावक ही खुद उस पर पलीता लगा रहे हैं। पौष्टिक आहार को बच्चों को ना खिलाकर दुकानों में बेच रहे हैं। इस मामले में अभिभावक व दुकानदार दोनों दोषी हैं।