रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट: उत्तराखंड क्रांति दल का मिशन 2027 के तहत गांव गांव जनसंपर्क अभियान तेज
Laxman Singh Bisht
Wed, Jun 17, 2026
लोहाघाट: उत्तराखंड क्रांति दल का मिशन 2027 के तहत गांव गांव जनसंपर्क अभियान तेज

लोहाघाट।आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल का गांव गांव जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में यूकेडी ने लोहाघाट विधानसभा के बाराकोट ब्लॉक के रेगडू के मल्ली छनदा, खकोड़ा, राई, हिचौडा, मल्ली औऱ तल्ली गुरना और दयारतोली में जनसंपर्क अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व यूकेडी के जिला प्रभारी प्रहलाद सिंह मेहता ने किया। इस दौरान जिला कार्यकारिणी के जिला महामंत्री रमेश बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष मनोज जोशी, लोहाघाट ब्लॉक प्रभारी भुवन चंद्र बिष्ट, कार्यालय प्रभारी प्रहलाद सिंह बिष्ट, बाराकोट ब्लॉक महामंत्री ललित पालीवाल, उपाध्यक्ष नारायण सिंह अधिकारी सहित रेगडू क्षेत्र के कई यूकेडी कार्यकर्ता शामिल रहे।मिशन 2027 के तहत यूकेडी कार्यकर्ताओं द्वारा पिछले लगभग एक वर्ष से चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत पार्टी ने विधानसभा क्षेत्र में अपनी गतिविधियों को तेज किया है। पार्टी के “घर-घर पर्चा, हर घर चर्चा” कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं ने गाँवों में युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।

इस दौरान गोविंद मेहता, चूड़ामनी जोशी, नीरज मेहता, हिमांशु मेहता, दीवान मेहता, धरम मेहता, रोशनलाल, दान सिंह सहित कई ग्रामीणों से संवाद किया गया। यूकेडी नेताओं ने कहा कि स्थानीय मुद्दों को आने वाले समय में प्रमुखता से उठाया जाएगा।यूकेडी नेताओं के अनुसार, वर्तमान में युवा वर्ग पार्टी की नीतियों और विचारधारा में रुचि दिखा रहा है तथा क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ रही है। इससे राज्य में क्षेत्रीय राजनीतिक दलों की भूमिका को मजबूती मिल रही है।जिला महामंत्री रमेश बिष्ट ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे हैं और लोहाघाट कार्यालय से भी अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान को जनता का सहयोग और समर्थन मिल रहा है।

अभियान के दौरान यूकेडी कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों, विचारधारा और उत्तराखंड से जुड़े मुद्दों को लेकर लोगों को जागरूक किया। पार्टी पदाधिकारियों ने आगामी चुनावों को लेकर जनता से सजग रहने की अपील की और बताया कि जनसंपर्क अभियान आगे भी जारी रहेगा।