रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : पाटी:सड़क कटिंग कार्य के चलते ग्रामीण के आवासीय भवन को खतरा अधिशासी अभियंता को ज्ञापन ।
Laxman Singh Bisht
Sat, Jun 27, 2026
सड़क कटिंग कार्य के चलते ग्रामीण के आवासीय भवन को खतरा अधिशासी अभियंता को ज्ञापन ।
जूनियर व सहायक अभियंता पर लगाए धमकाने के आरोप। विभाग ने आरोपो को बताया निराधार

चंपावत जिले के पाटी ब्लॉक के तल्ला कमलेख निवासी सुंदर सिंह बोहरा ने उनके क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग चंपावत के द्वारा की जा रही सड़क कटिंग कार्य के चलते उनके आवासीय भवन, खेत खलिहानों व सिंचाई गूल को खतरा होने की बात करते हुए लोक निर्माण विभाग चंपावत के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन दिया। सुंदर सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा लोक निर्माण विभाग के द्वारा की जा रही सड़क कटिंग के कारण मेरा जनजीवन पूरी तरह बर्बाद होने की कगार पर है ।उन्होंने आरोप लगाते कहा सड़क कटिंग कार्य के चलते उनका पेयजल स्रोत, सिंचाई की गूले पूरी तरह मलबे में पट चुकी है तथा आम रास्ते बंद हो गए है।उन्होंने कहा सबसे गंभीर बात यह है कि भारी मलवे के कारण मेरे आवासीय भवन के ऊपर भूस्खलन का सीधा खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाते भी कहा जब मैने इस गंभीर मामले को विभाग के कनिष्ठ अभियंता और सहायक अभियंता के सामने रखा तो उनका रवैया बेहद गैर जिम्मेदाराना और संवेदनहीन रहा उन्होंने समस्या का समाधान करने और काम को सुरक्षित तरीके से करने के बजाय यह कहकर पल्ला झाड़ दिया कि यह सब काम पार्ट 2 में कराया जाएगा। सुंदर सिंह ने कहा जब मैंने अपनी सुरक्षा की गुहार लगाने पर इन दोनों अधिकारियों से कहा तो उन्होंने सिर्फ मेरी बात सुनने से साफ मना कर दिया बल्कि बल्कि उल्टा मुझे ही डराना धमकाना शुरू कर दिया तथा मुझे चुप रहने और सरकारी काम में बाधा न डालने की धमकियां दी गई । सुंदर सिंह ने कहा अगर रोड कटिंग के कारण मेरे परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है या उनके भवन को कोई नुकसान पहुंचता है तो इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह लोक निर्माण विभाग चंपावत की होगी। उन्होंने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चंपावत से मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर मौके का निरीक्षण करते हुए मलवे को हटाकर सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग की है। तथा दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग उनके द्वारा उठाई गई है। उन्होंने कहा अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो वह जिलाधिकारी कार्यालय चंपावत में आमरण अनशन पर बैठने के लिए मजबूर होंगे जिसकी पूरी जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की होगी। मामले में लोक निर्माण विभाग चंपावत के अधिशासी अभियंता एम0सी0 पलरिया ने बताया ग्रामीण की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग की टीम के द्वारा सर्वेक्षण कराया जाएगा तथा सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य किया जाएगा। अधिशासी अभियंता ने विभागीय अभियंताओं के द्वारा सुंदर सिंह को धमकाने के आरोपो को निराधार बताया है उन्होंने पूरी तरह स्पष्ट किया यह आरोप पूरी तरह बे बुनियाद है। उन्होंने कहा सड़क निर्माण का कार्य एलाइनमेंट के हिसाब से चल रहा है। ग्रामीण की जो भी समस्या होगी उसका समाधान किया जाएगा।