रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : पिथौरागढ़:फेसबुक पर बाल अश्लील सामग्री प्रसारित करने वाला नेपाली नागरिक गिरफ्तार
फेसबुक पर बाल अश्लील सामग्री प्रसारित करने वाला नेपाली गिरफ्तार
पिथौरागढ़ पुलिस की कार्रवाई, न्यायालय ने अभियुक्त को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जेल

साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पिथौरागढ़ पुलिस ने फेसबुक के माध्यम से बाल अश्लील सामग्री प्रसारित करने के गंभीर मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।प्रकरण में एनसीएमईसी टिपलाइन के माध्यम से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना बलुवाकोट में दिनांक 15.07.2026 को धारा 67B सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह नेगी, कोतवाली जौलजीबी को सौंपी गई।विवेचना के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों एवं तकनीकी विश्लेषण से यह तथ्य सामने आया कि जिस मोबाइल सिम के माध्यम से आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की जा रही थी वह बलुवाकोट निवासी एक महिला के नाम पर पंजीकृत थी, किन्तु उसका उपयोग उसका भाई वीर भान राम लावड (32 वर्ष), निवासी उड़ई, वार्ड नं. 09, आंचल महाकाली, थाना दार्चुला, जनपद दार्चुला, नेपाल द्वारा किया जा रहा था, जो वर्तमान में बलुवाकोट में रह रहा था। पुलिस को जांच मे यह भी पता चला कि अभियुक्त द्वारा फेसबुक के माध्यम से बाल अश्लील सामग्री विभिन्न व्यक्तियों को भेजी गई एवं प्रसारित की जा रही थी। पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर पुलिस ने अभियुक्त का नाम विवेचना में सम्मिलित किया ।आज दिनांक 04 अगस्त 2026 को प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह नेगी, एसओ बलुवाकोट श्रीमती नीमा बोहरा द्वारा अभियुक्त को विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा अभियुक्त को 14 दिवस की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।