रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : दून:महिला को शादी व नौकरी का झांसा दे 32 लाख की ठगी का शातिर पिथौरागढ़ में गिरफ्तार
महिला को शादी व नौकरी का झांसा दे 32 लाख की ठगी का शातिर पिथौरागढ़ में गिरफ्तार

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर 32 लाख रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने पिथौरागढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को स्वास्थ्य विभाग का अधिकारी बताकर युवाओं को नौकरी का झांसा देता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले स्वास्थ्य विभाग में संविदा पर फार्मासिस्ट के पद पर तैनात था और इसी पहचान का फायदा उठाकर लोगों को गुमराह करता था। मामला नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र का है, जहां एक निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के तौर पर काम करने वाली महिला ने आरोपी चारू चंद्र जोशी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने खुद को ड्रग इंस्पेक्टर बताते हुए स्वास्थ्य विभाग में ऊंची पहुंच होने का दावा किया और शादी व सरकारी नौकरी का झांसा देकर अलग-अलग तारीखों में करीब 32 लाख रुपये ठग लिए।शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो आरोपी के खिलाफ पहले से भी नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी समेत आधा दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई। पुलिस को पता चला कि आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा है और नेपाल भागने की फिराक में है। इसके बाद पिथौरागढ़ पुलिस के सहयोग से उसे पिथौरागढ़ के एंचोली क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वास्थ्य विभाग में संविदा पर फार्मासिस्ट के तौर पर काम करने और वर्ष 2022 में आपराधिक मामलों में जेल जाने के बाद नौकरी से हटाए जाने की बात कबूल की है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ उसके द्वारा की गई अन्य ठगी की घटनाओं की भी जांच कर रही है।
विज्ञापन