रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट:बखूबी संभाल रहे हैं बच्चों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी डॉक्टर ज्ञान प्रकाश। बच्चों को मिल रहा बेहतर उपचार।
बखूबी संभाल रहे हैं बच्चों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी डॉक्टर ज्ञान प्रकाश। बच्चों को मिल रहा बेहतर उपचार।

लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर ज्ञान प्रकाश क्षेत्र के हजारों बच्चों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी बखूबी संभाल रहे हैं। लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में रोज छोटे बच्चों व उनके अभिभावकों के बीच घिरे डॉक्टर ज्ञान बिना रुके बिना थके सुबह अस्पताल खुलने से लेकर अस्पताल बंद होने तक बच्चों का उपचार करते नजर आते हैं ।अत्यधिक भीड़ होने पर ओपीडी का समय समाप्त होने के बावजूद भी डॉक्टर ज्ञान निस्वार्थ भाव से बच्चों का उपचार करते हैं। जब से डॉक्टर ज्ञान प्रकाश के द्वारा लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में चार्ज संभाला गया है तब से लोहाघाट क्षेत्र के साथ-साथ चंपावत, बाराकोट, पाटी से लोग अपने बच्चों का उपचार कराने लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंच रहे हैं।

जहां डॉक्टर ज्ञान के द्वारा नोनिहालों का बेहतर उपचार कर उन्हें राहत पहुंचाई जा रही है। जिस कारण अब अभिभावक बड़ी राहत महसूस कर रहे हैं ।जहां पहले बच्चों के उपचार के लिए लोगों को बाहर के अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ती थी अब उन्हें लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में ही बेहतर उपचार मिल रहा है। डॉ ज्ञान प्रकाश के द्वारा उप जिला चिकित्सालय में पैदा हो रहे गर्भ से कमजोर व बीमार तथा समय से पहले पैदा होने वाले नवजातों का जीवन बचाने में भी अहम भूमिका निभाई जा रही है तथा गर्भवती महिला की जान बचाने के लिए हो रहे जटिल ऑपरेशन में भी डॉक्टर ज्ञान प्रकाश अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

जिसके चलते स्त्री रोग विशेषज्ञ को ऑपरेशन करने में काफी राहत महसूस हो रही है। चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर विराज राठी ने बताया डॉक्टर ज्ञान प्रकाश की तैनाती के बाद लोहाघाट क्षेत्र के बच्चों को उप जिला चिकित्सालय में बेहतर उपचार मिल रहा है उन्होंने डॉक्टर ज्ञान प्रकाश की कार्यप्रणाली की सराहना की उन्होंने कहा लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय से रेफर होने वाले बच्चों की संख्या अब काफी कम हो चुकी है उन्होंने कहा डॉक्टर ज्ञान 24 घंटे अलर्ट मोड में रहते हैं। मालूम हो डॉक्टर ज्ञान प्रकाश पूर्व में भी लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में अपनी सेवाएं दे चुके हैं जिसके बाद वह पीजी करने चले गए थे । पीजी पूरा होने के बाद डॉक्टर ज्ञान प्रकाश ने अपनी सेवा के लिए लोहाघाट क्षेत्र को चुना। डॉक्टर ज्ञान का कहना है लोहाघाट से उनका विशेष लगाव रहा है ।

कहा उनका पूरा प्रयास रहता है कि वह क्षेत्र के नोनिहालों का बेहतर से बेहतर उपचार करें किसी भी बच्चे को यहां से बाहर अस्पतालों को रेफर ना करना पड़े। उन्होंने कहा लोहाघाट क्षेत्र की जनता के द्वारा उन्हें बहुत सहयोग व प्यार मिल रहा है जिसके लिए वह लोहाघाट क्षेत्र की जनता के आभारी हैं। इनके अलावा लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में तैनात फिजिशियन डॉक्टर राकेश जोशी, आई सर्जन डॉक्टर विराज राठी, निश्चेतक डॉक्टर रितु, रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर सोनाली मल्होत्रा, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉक्टर राजीव चौहान के द्वारा व चिकित्सा स्टाफ के द्वारा मरीज का बेहतर उपचार किया जा रहा है। जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार वह सीएमओ चंपावत डॉक्टर देवेश चौहान के नेतृत्व में लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार किया जा रहा है जिसके फल स्वरुप लोहाघाट में अत्यधिक लैब निर्माण व डॉक्टर्स हॉस्टल का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है।

इसके अलावा लोहाघाट में अत्यधिक ऑपरेशन थिएटर का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा जच्चा बच्चा वार्ड को भी अत्याधुनिक स्वरूप दिया जा चुका है। जिसके चलते जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही है। चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर विराज राठी के नेतृत्व में वर्तमान में लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करा रहा है।जिस कारण प्रतिदिन अस्पताल में ओपीडी की तादाद बढ़ते जा रही है। कमी सिर्फ अस्पताल भवन की बनी हुई है।