रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट 👹👹 : खेतीखान में विवाह समारोह में डीएम ने समान नागरिक संहिता (UCC) पंजीकरण हेतु जन को किया जागरूक
Laxman Singh Bisht
Sat, Apr 19, 2025
खेतीखान में विवाह समारोह में डीएम ने समान नागरिक संहिता (UCC) पंजीकरण हेतु जन को किया जागरूक
जिलाधिकारी चम्पावत नवनीत पाण्डे ने आज चंपावत जिले के खेतीखान में आयोजित महिला संगीत कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए वहाँ उपस्थित समस्त ग्रामवासियों, अतिथियों को संबोधित किया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कार्तिक पुत्र भैरव दत्त औली एवं रश्मि पुत्री हेमचंद गहतोड़ी को विवाह की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code - UCC) के अंतर्गत चल रहे नागरिक पंजीकरण अभियान की जानकारी साझा की एवं लोगों से इस महत्त्वपूर्ण प्रक्रिया में भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने ग्रामवासियों को पंजीकरण की अनिवार्यता, प्रक्रिया की सरलता और इसके दीर्घकालिक लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
जिलाधिकारी नवनीत पाण्डे ने मौके पर ही उपस्थित नागरिकों की शंकाओं का समाधान भी किया, जिससे लोगों में पंजीकरण को लेकर फैली भ्रांतियाँ दूर हुईं और वे अधिक उत्साहपूर्वक अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित हुए। डीएम चंपावत ने कहा जिला प्रशासन चम्पावत द्वारा निरंतर यह प्रयास किया जा रहा है कि UCC पंजीकरण अभियान अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुँचे और सभी नागरिक समयबद्ध रूप से पंजीकरण कर इस महत्त्वपूर्ण पहल का हिस्सा बन सकें।