Wednesday 26th of August 2026

ब्रेकिंग

लोहाघाट:पासम जूनियर विद्यालय का हाईस्कूल में उच्चीकरण, नरेश जोशी की पहल और ग्राम प्रधान के प्रयास रंग लाए।

चंपावत :गल्लागाँव की प्रियांशी ने पुणे में आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जीता गोल्ड

दून:प्रदेशभर की सड़कों को दुरुस्त करने के संबंध में कैबिनेट बैठक में हुआ विस्तृत विचार-विमर्श

दून :वन डिस्ट्रिक्ट वन फेस्टिवल एवं निर्यात संवर्धन को लेकर मुख्य सचिव ने ली जिलाधिकारियों के साथ बैठक

नैनीताल: बिना अनुमति डीएम की कॉल रिकॉर्डिंग कर सार्वजनिक करने पर पोर्टल संपादक को जारी किया कारण बताओ नोटिस

सूचना

रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट:पासम जूनियर विद्यालय का हाईस्कूल में उच्चीकरण, नरेश जोशी की पहल और ग्राम प्रधान के प्रयास रंग लाए।

Laxman Singh Bisht

Wed, Aug 26, 2026

पासम जूनियर विद्यालय का हाईस्कूल में उच्चीकरण, नरेश जोशी की पहल और ग्राम प्रधान के प्रयास रंग लाए।

लोहाघाट/चम्पावत। भारत-नेपाल सीमा से लगे दूरस्थ क्षेत्र पासम के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पासम का हाईस्कूल में उच्चीकरण होने से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। क्षेत्रवासियों ने इसे पासम के शैक्षिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है।विद्यालय के उच्चीकरण की मांग को धरातल तक पहुंचाने में विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक नरेश जोशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नरेश जोशी ने विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों, लगातार बढ़ती छात्र संख्या और क्षेत्र के बच्चों की शैक्षिक जरूरतों को देखते हुए विद्यालय को हाईस्कूल स्तर तक उच्चीकृत किए जाने की आवश्यकता को लगातार प्रमुखता से उठाया।

नरेश जोशी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में ग्राम प्रधान चंद्रकांत तिवारी ने इस मांग को लेकर जिलाधिकारी एवं मुख्यमंत्री से मुलाकात की तथा विद्यालय को हाईस्कूल में उच्चीकृत करने की मांग को प्रभावी ढंग से उनके समक्ष रखा। ग्राम प्रधान ने क्षेत्रवासियों एवं अभिभावकों की ओर से इस संबंध में लगातार प्रयास किए। आखिरकार क्षेत्र की यह बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुई और शासन द्वारा विद्यालय के हाईस्कूल में उच्चीकरण की स्वीकृति मिलने से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।विद्यालय के उच्चीकरण की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान चंद्रकांत तिवारी, एसएमसी अध्यक्ष मोहन सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य नैन राम, प्रधानाध्यापक नरेश जोशी सहित विद्यालय परिवार एवं समस्त ग्रामीणों ने खुशी जताई। इस अवसर पर ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर एवं मिष्ठान वितरण कर खुशी का इजहार किया।

प्रधानाध्यापक नरेश जोशी ने कहा कि विद्यालय का हाईस्कूल में उच्चीकरण पासम क्षेत्र के बच्चों के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र के बच्चों को कक्षा आठ के बाद माध्यमिक शिक्षा के लिए दूर-दराज के विद्यालयों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा को निरंतर बनाए रखने में मदद मिलेगी।उन्होंने कहा कि विद्यालय में पिछले वर्षों में छात्र संख्या में लगातार वृद्धि हुई है तथा बच्चों ने विज्ञान, खेल, शैक्षिक एवं विभिन्न सहशैक्षिक गतिविधियों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। विद्यालय के हाईस्कूल में उच्चीकरण से इन उपलब्धियों को आगे बढ़ाने के लिए नए अवसर मिलेंगे।ग्राम प्रधान चंद्रकांत तिवारी ने विद्यालय के उच्चीकरण पर मुख्यमंत्री एवं शिक्षा विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे पासम क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि नरेश जोशी के मार्गदर्शन और ग्रामीणों के सहयोग से विद्यालय को हाईस्कूल स्तर तक पहुंचाने का सपना अब साकार हुआ है।उच्चीकरण पर ग्रामीणों ने कहा कि पासम विद्यालय का उच्चीकरण केवल एक विद्यालय का उच्चीकरण नहीं, बल्कि पूरे सीमांत क्षेत्र के बच्चों के भविष्य को नई दिशा देने वाला कदम है। ग्रामीणों ने विद्यालय को हाईस्कूल बनाने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रधानाध्यापक नरेश जोशी, ग्राम प्रधान चंद्रकांत तिवारी एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में विद्यालय में पर्याप्त विषयवार शिक्षक, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, खेल सुविधाएं एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध होंगे और पासम विद्यालय सीमांत क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का एक उत्कृष्ट केंद्र बनेगा।

विज्ञापन

जरूरी खबरें