रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट : टनकपुर:पूर्णागिरि मेले मे मुंडन में कर रहा था अवैध वसूली प्रशासन ने ठेकेदार पर ठोका 25 हजार का जुर्माना
Laxman Singh Bisht
Wed, May 27, 2026
पूर्णागिरि मेले मे मुंडन में कर रहा था अवैध वसूली प्रशासन ने ठेकेदार पर ठोका 25 हजार का जुर्माना

प्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मेले के मुंडन स्थल पर श्रद्धालुओं से तय दर से अधिक पैसे वसूलने और अभद्रता करने की शिकायतों पर जिला पंचायत चम्पावत ने बड़ी कार्रवाई की है। सोशल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया व प्रिंट मीडिया पर मुंडन कार्य के नाम पर अवैध वसूली के वीडियो वायरल होने के बाद, मेला मजिस्ट्रेट ललित मोहन तिवारी ने त्वरित प्रकाशित खबर का संज्ञान लेतेहुए मुंडन स्थल का औचक निरीक्षण किया। स्थलीय निरीक्षण के दौरान बरेली निवासी श्रद्धालुओं ने बयान देकर पुष्टि की कि उनसे निर्धारित दर से अधिक राशि वसूली जा रही है और नाई न्योछावर के नाम पर जबरन ₹100 अतिरिक्त मांग रहे हैं।

मौके पर ही दो श्रद्धालुओं की आपत्ति पर उन्हें ₹100-100 वापस भी कराए गए।इस गंभीर मामले का संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत के मेला अधिकारी/अपर मुख्य अधिकारी कमलेश बिष्ट ने नाई मुंडन ठेकेदार जितेंद्र सिंह महर (निवासी उचौलीगोठ, टनकपुर) को निविदा और अनुबंध की शर्तों का बार-बार उल्लंघन करने का दोषी पाया है। पूर्व में भी ठेकेदार को इस संबंध में कई बार चेतावनी पत्र जारी किए जा चुके थे। अनुबंध की शर्तों के तहत कार्रवाई करते हुए ठेकेदार पर ₹25,000 (पच्चीस हजार रुपये) का अर्थदण्ड (जुर्माना) लगाया गया है और इसे तीन दिन के भीतर कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दोबारा ऐसी शिकायत प्राप्त हुई तो ठेकेदार की जमानत राशि जब्त कर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी और उसका अनुबंध/ठेका तत्काल निरस्त कर दिया जाएगा।
