रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट 👹👹 : राईकोट कुवर के ग्रामीणों ने किया प्रस्तावित बाईपास का विरोध। बाईपास निर्माण में कट रही है ग्रामीणों की नाप कृषि भूमि
Laxman Singh Bisht
Thu, Apr 17, 2025
बाईपास निर्माण में कट रही है ग्रामीणों की नाप कृषि भूमि।
टनकपुर पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में लोहाघाट के देवराड़ी बैंड से प्रस्तावित बाईपास निर्माण को लेकर प्रशासन के द्वारा सर्वे कार्य की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। लोहाघाट बाईपास निर्माण सर्वे को लेकर तहसीलदार लोहाघाट जगदीश नेगी के नेतृत्व में आज सर्वे टीम लोहाघाट के राईकोट गांव पहुंची। सर्वे में ग्रामीणों की अधिकांश नाप व कृषि भूमि बाईपास निर्माण में कट रही है। जिसका ग्रामीणों के द्वारा ग्राम प्रधान प्रशासक सरोज कुवर के नेतृत्व में कड़ा विरोध किया गया। ग्राम प्रधान प्रशासक प्रतिनिधि प्रदीप कुवर व अन्य ग्रामीणों ने कहा राईकोट गांव के अधिकांश लोग खेती-बाड़ी कर ही अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं
और विभाग ने बिना ग्रामीणों को बताएं उनकी नाप एवं उपजाऊ भूमि में डेढ़ किलोमीटर लंबा और 24 मीटर चौड़ा बाईपास प्रस्तावित किया है। कहा अगर यह बाईपास बनता है तो अधिकांश ग्रामीण भूमिहीन हो जाएंगे । प्रदीप कुवर ने कहा विभाग को ऐसी सर्वे करनी चाहिए जिससे ग्रामीणों की कम से कम उपजाऊ एवं नाप भूमि कटे और बाईपास भी बन जाए ।कहा ग्रामीण नाप भूमि से बाईपास निर्माण का पूरा विरोध करते हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा अगर उनकी मांग को नहीं मानी गई और उनकी नाप व उपजाऊ भूमि से बाईपास निर्माण किया गया तो वह उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी ।ग्रामीणों ने कहा नाप भूमि से बाईपास किसी भी कीमत पर नहीं बनने दिया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा हमारा बाईपास निर्माण का विरोध नहीं है लेकिन बाईपास हमारी कृषि और नाप भूमि से ना बनाया जाए। वही सर्वे के लिए आए अधिकारियों ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मालूम हो लोहाघाट का राईकोट कुंवर गांव कृषि बाहुल्य गांव है जहां के अधिकांश ग्रामीण खेती एवं दुग्ध उत्पादन से अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं और रायकोट की लहसुन और आलू की खेती पूरे जिले में प्रसिद्ध है। सर्वे में राजस्व उप निरीक्षक नीरज कुमार ,कौशल पुनेठा, रामीराम एवं एनएच के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।