रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:जिले मे नशा उन्मूलन एवं अवैध तस्करी पर डीएम के सख्त कार्रवाई के निर्देश।
Laxman Singh Bisht
Sat, Apr 18, 2026
जिले मे नशा उन्मूलन एवं अवैध तस्करी पर डीएम के सख्त कार्रवाई के निर्देश।
सीमा, खेत और बाजार—हर स्तर पर नशे के विरुद्ध सख्त पहरा एनकॉर्ड की बैठक आयोजित
नशा उन्मूलन एवं अवैध तस्करी पर डीएम के सख्त कार्रवाई के निर्देश

जिला सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में एनकॉर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में मादक पदार्थों की रोकथाम, अवैध तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण तथा नशा उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में नशे के खिलाफ व्यापक एवं सतत अभियान संचालित किया जाए तथा युवाओं को जागरूक करने के लिए विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नियमित कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने पुलिस एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी को और सुदृढ़ करते हुए जिलाधिकारी ने सीमा पर विशेष गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि बाहरी स्रोतों से होने वाली तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।इसके साथ ही उन्होंने भांग की अवैध खेती को चिन्हित करने हेतु पुलिस एवं राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिस खेत में अवैध खेती पाई जाए, उसके वास्तविक स्वामी की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित की जाए तथा संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।जिलाधिकारी ने औषधि निरीक्षक को भी जनपद के मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रतिबंधित या नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर सख्ती से रोक लगाई जाए और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी जाए तथा सूचना तंत्र को मजबूत करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ जी एस खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी नीतू डागर, अधिशासी अभियंता एम.सी. पलाड़िया, हितेश कांडपाल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।