Saturday 8th of August 2026

ब्रेकिंग

चंपावत:दयूरी-चलथी मोटर मार्ग निर्माण की कवायद तेज, जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

चंपावत:कालूखाड़ मेरौली के बुजुर्गों की गांव की सुध लेने की विधायक व डीएम से गुहार।

चंपावत:कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया कृत्रिम बुद्धिमत्ता ( एआई) का प्रशिक्षण

चंपावत:दुष्कर्म के दोषी को 10 साल का कठोर कारावास, एक लाख का जुर्माना जिला सत्र न्यायाधीश का फैसला

लोहाघाट:प्रेमनगर पाटन की महिलाओं ने चलाया स्वच्छता अभियान, पंचायत घर परिसर को बनाया स्वच्छ व सुंदर

सूचना

रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:दयूरी-चलथी मोटर मार्ग निर्माण की कवायद तेज, जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

Laxman Singh Bisht

Sat, Aug 8, 2026

दयूरी-चलथी मोटर मार्ग निर्माण की कवायद तेज, जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

वन, लोक निर्माण विभाग व भू-वैज्ञानिक सर्वे रिपोर्ट का किया परीक्षण, कार्यदायी संस्था को अग्रिम प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

सड़क बनने से दयूरी क्षेत्र के करीब 12 तोकों को मिलेगा लाभ, एनएच के वैकल्पिक मार्ग के रूप में भी होगी उपयोगी

जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने शनिवार को निर्माण हेतु प्रस्तावित दयूरी-चलथी मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्तावित सड़क मार्ग की भौगोलिक एवं तकनीकी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर संबंधित अधिकारियों के साथ प्रस्तावित मार्ग का निरीक्षण करते हुए सड़क निर्माण की संभावनाओं, भूमि की स्थिति तथा मार्ग में आने वाली तकनीकी चुनौतियों की जानकारी ली।जिलाधिकारी ने पूर्व में वन विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा भू-वैज्ञानिक (जियोलॉजिस्ट) द्वारा की गई सर्वे रिपोर्टों का भी गहन परीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सर्वे में सामने आए बिंदुओं की जानकारी लेते हुए सड़क निर्माण के लिए आवश्यक तकनीकी एवं विभागीय कार्यवाही को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग को प्रस्तावित मार्ग पर रोड कटिंग एवं सड़क निर्माण के लिए आवश्यक विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से पूर्व क्षेत्र की मृदा का आवश्यक परीक्षण कराया जाए तथा भू-वैज्ञानिक एवं तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर ही निर्माण कार्य की आगामी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मार्ग में आने वाली भूमि की स्थिति की भी जानकारी ली और संबंधित पटवारी से राजस्व भूमि एवं अन्य भूमि संबंधी विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि सड़क निर्माण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रस्ताव तैयार करते समय सड़क की तकनीकी व्यवहार्यता, भू-स्थल की स्थिति, वन एवं राजस्व भूमि, सुरक्षा मानकों तथा भविष्य में मार्ग के सुचारू संचालन से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय आवश्यकताओं और क्षेत्रवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध रूप से पूरी की जाए।निरीक्षण के दौरान दयूरी क्षेत्र के स्थानीय ग्रामीणों ने जिलाधिकारी महोदय को बताया कि दयूरी-चलथी मोटर मार्ग का निर्माण होने से क्षेत्र के लगभग 12 तोकों को करीब 30 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करने से राहत मिलेगी। सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच भी सुगम होगी।ग्रामीणों ने यह भी अवगत कराया कि प्रस्तावित मोटर मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के वैकल्पिक मार्ग के रूप में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। विशेषकर बरसात के दौरान यदि एनएच पर भूस्खलन अथवा अन्य कारणों से यातायात बाधित होता है, तो यह मार्ग वैकल्पिक संपर्क के रूप में क्षेत्र के लोगों के लिए काफी उपयोगी रहेगा।जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए तकनीकी एवं विभागीय प्रक्रियाओं को नियमानुसार आगे बढ़ाया जाए।इस दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मोहन चन्द्र पड़लिया, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुन्दर सिंह बोहरा, पूर्व प्रधान बालम सिंह बोहरा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुरेश जोशी, महेंद्र सिंह नेगी, सूरज सिंह नेगी सहित अन्य ग्रामीण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जरूरी खबरें