रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:नवगठित नगर पंचायत पाटी में शांतिपूर्ण मतदान लोगों में भारी उत्साह।सुबह से ही पोलिंग बूथों में भारी भीड़।
Laxman Singh Bisht
Tue, Jun 9, 2026
नवगठित नगर पंचायत पाटी में शांतिपूर्ण मतदान लोगों में भारी उत्साह।सुबह से ही पोलिंग बूथों में भारी भीड़।

युवा मतदाता चाहत मौनी ने डाला पहला वोट। मतदाताओं में भारी उत्साह।

सुबह से ही पोलिंग बूथों में भारी भीड़।

जिलाधिकारी के निर्देश पर दिव्यांग मतदाताओं के लिए की गई है विशेष व्यवस्था।

नगर निकाय सामान्य निर्वाचन 2026 के तहत मंगलवार को चंपावत जिले की नवगठित नगर पंचायत पाटी में लोकतंत्र का महापर्व बेहद उत्साह और शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गया है।सुबह ठीक 08:00 बजे से ही सभी मतदान केंद्रों पर वोटिंग प्रक्रिया सुचारू रूप से प्रारंभ कर दी गई। जिले की नगर पंचायत पाटी में पहली बार हो रहे इस चुनाव को लेकर स्थानीय जनता, विशेषकर युवाओं व मात्र में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। मौनकांडा की रहने वाली युवा मतदाता चाहत मौनी ने इस ऐतिहासिक चुनाव में पहला वोट डाला।

पहली बार मतदान करने के बाद चाहत के चेहरे पर लोकतंत्र के इस महापर्व का हिस्सा बनने का गौरव और अनोखा उत्साह साफ झलक रहा था।सुबह की शुरुआत से ही लोग उत्सुकता पूर्वक अपने-अपने घरों से निकलकर मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे हैं। बुजुर्गों से लेकर पहली बार वोट डाल रहे युवाओं तक, सभी में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की होड़ मची है, जिसके चलते मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया प्रशासन द्वारा निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने अधिकार का प्रयोग कर सकें।इस ऐतिहासिक अवसर पर युवा मतदाताओं व मातृशक्ति ने कहा नगर पंचायत पाटी के इस पहले चुनाव में वोट डालना उन लोगों लिए अत्यंत गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि हमारा एक-एक वोट हमारे क्षेत्र के विकास और सुनहरे भविष्य की नींव रखेगा, इसलिए वे सभी क्षेत्रवासियों और विशेषकर अपने युवा साथियों से अपील करती हैं कि वे भारी संख्या में घर से निकलें और शत-प्रतिशत मतदान करें।पाटी नगर पंचायत के विकास और अपनी पहली स्थानीय सरकार चुनने के लिए वोटरों का यह उत्साह साफ दर्शाता है कि लोग क्षेत्र की प्रगति के लिए पूरी तरह तैयार हैं। एसडीएम पाटी नीतू डांगर व रिटर्निग ऑफिसर अजय सिंह ने बताया। पाटी नगर पंचायत के चुनाव में चारों बूथों में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न कराया जा रहा है ।सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुख्ता पुलिस बल किया गया है। उन लोगों के द्वारा समय-समय पर चारों बूथों का निरीक्षण किया जा रहा है कहा मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है ।उन्होंने बताया पाटी नगर पंचायत में 2067 मतदाता है। एसपी चंपावत रेखा यादव के निर्देश पर सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहे सीओ नीरज सेमवाल ने कहा चारों बूथों पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पर्याप्त पुलिस पर लगाया गया है।

उनके द्वारा समय-समय पर बूथों का निरीक्षण कर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं। वही नोडल अधिकारी दिव्यांग मतदाता निरंकार मिश्रा ने बताया क्षेत्र में 20 मतदाता दिव्यांग है। जिनके लिए विशेष व्यवस्था प्रशासन के द्वारा की गई है ।कहा दिव्यांग मतदाताओं को घर से पोलिंग बूथ तक लाया व ले जाया जा रहा है तथा पोलिंग बूथ में भी व्हीलचेयर व अन्य व्यवस्थाएं की गई है। पहले मतदान को लेकर क्षेत्रवासीय में भारी उत्साह नजर आ रहा है। 11जून को मतदान का परिणाम घोषित किया जाएगा।
