रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट:जनगणना 2027 को लेकर तेज़ी: लोहाघाट अस्पताल में स्वगणना शिविर आयोजित
Laxman Singh Bisht
Tue, Apr 21, 2026
जनगणना 2027 को लेकर तेज़ी: लोहाघाट अस्पताल में स्वगणना शिविर आयोजित

जनपद चंपावत में जनगणना 2027 के अंतर्गत स्वगणना (Self Enumeration) कार्यों को गति देने हेतु जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता एवं पंजीकरण गतिविधियों को तेज़ किया गया है, ताकि प्रत्येक नागरिक इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सके।इसी क्रम में उपजिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डांगर के नेतृत्व में लोहाघाट उपजिला चिकित्सालय परिसर में स्वगणना शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में अस्पताल से जुड़े चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों सहित अस्पताल में आने वाले आगंतुको ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वगणना के माध्यम से अपना पंजीकरण कराया।शिविर के दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा उपस्थित लोगों को स्वगणना की प्रक्रिया, उसके महत्व एवं ऑनलाइन माध्यम से जानकारी दर्ज करने की विधि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी और अपने परिवार की सटीक जानकारी दर्ज कर सकते हैं, जिससे आंकड़ों की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित होती है।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जनगणना केवल एक सांख्यिकीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं, नीतियों के निर्धारण, संसाधनों के उचित आवंटन तथा निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन का आधार होती है। उन्होंने कहा कि सटीक आंकड़े ही प्रभावी शासन-प्रशासन की नींव होते हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।उन्होंने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना 2027 के अंतर्गत स्वगणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करें और अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर इस अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता से जनगणना के आंकड़े और अधिक विश्वसनीय एवं उपयोगी बनेंगे, जिससे जनपद के समग्र एवं संतुलित विकास को नई दिशा मिलेगी।