रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चंपावत:जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” में त्वरित समाधान;
Laxman Singh Bisht
Wed, Feb 11, 2026
“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” में त्वरित समाधान;
पेंशन, राशन कार्ड, आधार सुधार सहित अनेक मामलों का मौके पर निस्तारण
राज्य सरकार के जनकल्याणकारी अभियान “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के अंतर्गत चम्पावत नगरपालिका क्षेत्र स्थित गौरलचौड़ मैदान में आज बुधवार को बहुउद्देश्यीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई, प्रमाण पत्र वितरित किए गए, शिकायतों का निस्तारण किया गया तथा पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएँ जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिनमें से अधिकांश का समाधान शिविर स्थल पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण हेतु प्रेषित किया गया। शिविर में कुल 642 नागरिकों ने प्रतिभाग किया, 328 से अधिक लाभार्थियों को मौके पर लाभान्वित किया गया, 21 प्रमाण पत्र जारी किए गए तथा प्राप्त 73 शिकायतों में से 57 का तत्काल निस्तारण किया गया।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शिविर में लगे विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर प्रत्येक फरियादी की समस्या गंभीरता से सुनी और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर के दौरान कलावती देवी की परिवार पेंशन, मोती देवी की दिव्यांग पेंशन, रमेश रावत की किसान पेंशन, जगदीश प्रसाद प्रहरी एवं अनिल सिंह तड़ागी को मुख्यमंत्री सहायता व आर्थिक मदद, गीता तिवारी एवं मधु देवी की किसान सम्मान निधि e-KYC, फिरोजा खातून, मंजू देवी, रामा देवी एवं संगीता प्रहरी के राशन कार्ड व परिवार रजिस्टर संबंधी प्रकरण, तथा हीरा बल्लभ उप्रेती की पेयजल समस्या का मौके पर समाधान किया गया।जिलाधिकारी के निर्देशानुसार बसंती देवी के आधार कार्ड में जन्मतिथि सुधार तथा निर्मला सामंत के जन्म प्रमाण पत्र आवेदन का भी शिविर में ही निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त नगर पालिका परिषद के पर्यावरण मित्रों ने सामूहिक रूप से आवास कॉलोनी से जुड़ी समस्याएँ रखीं तथा पुष्पा देवी ने सरकारी आवास की मरम्मत की मांग प्रस्तुत की।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेष रूप से समाज कल्याण, पूर्ति एवं कृषि विभाग को पेंशन और राशन कार्ड से जुड़े मामलों में स्थलीय निरीक्षण कर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। शिविर में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी,मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका चंपावत भारत त्रिपाठी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट सहित कैलाश अधिकारी, सूरज प्रहरी, मुकेश मेहराना, गौरव पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।