रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : लोहाघाट:गुरूकुलम एकेडमी में 36वें सड़क सुरक्षा माह का समापन,
Laxman Singh Bisht
Wed, Feb 18, 2026
गुरूकुलम एकेडमी में 36वें सड़क सुरक्षा माह का समापन,
विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से दिया सड़क सुरक्षा का सशक्त संदेश
उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा मनाए जा रहे 36वें सड़क सुरक्षा माह के समापन अवसर पर गुरुकुलम एकेडमी, खुना बोरा (लोहाघाट), जनपद चम्पावत में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शशांक पाण्डे एवं अंकित देव के संचालन में हुए कार्यक्रम में चम्पावत पुलिस यातायात निरीक्षक हयात सिंह एवं ज्योति प्रकाश के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता से यह आयोजन प्रेरणादायक एवं प्रभावशाली रहा।कार्यक्रम का उद्देश्य नौनिहालों के माध्यम से समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश फैलाना था। इसी क्रम में आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यालय के तीन अलग-अलग वर्गों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने हेलमेट पहनने की अनिवार्यता, सीट बेल्ट का महत्व, ट्रैफिक सिग्नल का पालन, मोबाइल का प्रयोग करते हुए वाहन न चलाने, ओवरस्पीडिंग से बचने तथा सुरक्षित सड़क व्यवहार जैसे विषयों पर आकर्षक, रचनात्मक एवं संदेशपूर्ण चित्र बनाए। कई चित्रों में “सावधानी हटी, दुर्घटना घटी” जैसे प्रभावी संदेशों के माध्यम से जन-जागरूकता का सशक्त प्रयास दिखाई दिया।निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों के चित्रों का मूल्यांकन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास झलक रहा था। चम्पावत पुलिस अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है और वे समाज के सच्चे जागरूक नागरिक बनते हैं।इस अवसर पर यातायात पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सड़क पर चलते समय अपनाई जाने वाली सावधानियों, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही “अच्छे राहगीर पुरस्कार योजना” के तहत दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने वालों को मिलने वाले प्रोत्साहन के बारे में बताया गया। रोड सेफ्टी उत्तराखण्ड पुलिस ऐप की जानकारी देते हुए छात्रों को तकनीक के माध्यम से भी सुरक्षित यातायात में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को यह संकल्प दिलाया गया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करेंगे तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।इस अवसर पर प्रबंधक राजेश पाण्डेय,प्रधानाचार्य भास्कर चौबे, कोऑर्डिनेटर कविता पुनेठा,मनमोहन गहतोड़ी,चंद्र भानु,मयंक मुरारी, महेंद्र जोशी,रियाज़ अहमद,अमित तिवारी, शैला ख़ान,काजल बिष्ट आदि मौजूद रहे।