रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट : चम्पावत मे शूटिंग रेंज एवं अन्य खेल सुविधाओं के निर्माण को 9.51 करोड़ रुपये की स्वीकृति*
Laxman Singh Bisht
Fri, Sep 11, 2026
चम्पावत मे शूटिंग रेंज एवं अन्य खेल सुविधाओं के निर्माण को 9.51 करोड़ रुपये की स्वीकृति*
मुख्यमंत्री घोषणा के तहत मिली प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति, निर्माण कार्य में आएगी तेजी

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में जनपद चम्पावत में शूटिंग रेंज एवं अन्य खेल सुविधाओं के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। शासन द्वारा मा. मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत प्रस्तावित कार्य के लिए 951.91 लाख रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।शासन द्वारा स्वीकृत कुल 951.91 लाख रुपये की धनराशि में निर्माण कार्य के लिए 849.71 लाख रुपये तथा अन्य अनुमन्य प्रावधानों के लिए 102.20 लाख रुपये शामिल हैं। परियोजना के लिए 40 प्रतिशत के रूप में 380.764 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसमें पूर्व में अवमुक्त 198.60 लाख रुपये को समायोजित करते हुए अब शेष 182.164 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त करने की स्वीकृति दी गई है।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनपद चम्पावत में खेल अवस्थापना सुविधाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। शूटिंग रेंज एवं अन्य आधुनिक खेल सुविधाओं के विकसित होने से जनपद के युवाओं और प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं अभ्यास की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी करने का बेहतर अवसर मिलेगा।शासन द्वारा कार्यदायी संस्था उत्तराखण्ड पेयजल संसाधन एवं निर्माण विकास निगम (खेल इकाई), देहरादून को आवश्यक निविदा एवं अन्य औपचारिकताएं समय से पूर्ण करते हुए निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही परियोजना को निर्धारित अवधि में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने तथा निर्माण कार्य में तृतीय पक्ष गुणवत्ता परीक्षण एवं नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित शर्तों एवं मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए परियोजना की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनपद में खेल सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय युवाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही चम्पावत को खेल गतिविधियों के बेहतर केंद्र के रूप में विकसित करने में भी मदद मिलेगी।
विज्ञापन